home page

झोटा हत्याकांड : तीन दिन बाद मानसा के बाजार खुले, लोगों में अब भी डर का माहौल

 | 

- प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री और डीजीपी के इस्तीफे सहित सीबीआई जांच की मांग उठाई

मानसा, 16 अक्टूबर (हि.स.)। नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या के विरोध में तीन दिनों तक बंद रहने के बाद शुक्रवार को मानसा के बाजार फिर से खुल गए। शहर में सामान्य गतिविधियां बहाल होने के बावजूद स्थानीय लोगों के बीच डर और तनाव का माहौल बना हुआ है।

झोटा की हत्या के बाद लगातार दो दिनों तक आगजनी की घटनाएं हुईं। बुधवार को भीड़ ने हत्या के मुख्य आरोपित अश्वनी कुमार की केमिस्ट की दुकान में आग लगा दी थी। इसके बाद गुरुवार को प्रदर्शनकारियों ने तंबाकू की एक दुकान को भी आग के हवाले कर दिया। इन घटनाओं के कारण शहर में तनाव और बढ़ गया।

परविंदर सिंह झोटा की हत्या के विरोध में शुक्रवार को लगातार चौथे दिन प्रदर्शन जारी रहे। एक प्रदर्शन बरनाला-सिरसा मार्ग पर टिकौनी में किया जा रहा है, जबकि दूसरा प्रदर्शन मानसा सिविल अस्पताल में चल रहा है। झोटा का शव पोस्टमार्टम की प्रतीक्षा में अस्पताल की मोर्चरी में रखा हुआ है।

पुलिस और जिला प्रशासन की ओर से मामले का समाधान निकालने के लिए संघर्ष कमेटी के साथ बैठकें की जा रही हैं। हालांकि, कमेटी अपनी मांगों पर अड़ी हुई है।

संघर्ष कमेटी ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के इस्तीफे की मांग की है। इसके अलावा झोटा हत्याकांड की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से करवाने की मांग भी उठाई गई है।

कमेटी ने मानसा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) और संबंधित थाने के प्रभारी को बर्खास्त करने की मांग की है। कमेटी का कहना है कि मामले में जिन अधिकारियों की जिम्मेदारी बनती है, उनकी जवाबदेही तय की जाए और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए।

इसके साथ ही मंगलवार को गोलीबारी की घटना में घायल हुए चार लोगों को राज्य सरकार की ओर से मुआवजा देने की मांग भी की गई है।

प्रदर्शनकारियों की एक प्रमुख मांग यह भी है कि परविंदर सिंह झोटा का पोस्टमार्टम चंडीगढ़ स्थित पीजीआईएमईआर के डॉक्टरों के पैनल से करवाया जाए।

प्रशासन और पुलिस संघर्ष कमेटी के साथ बातचीत के जरिए समाधान निकालने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन प्रदर्शनकारियों की मांगों पर सहमति नहीं बन पाई है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH