जसवीर सिंह गढ़ी ने एससी आयोग के चेयरमैन पद से दिया इस्तीफा
- आम आदमी पार्टी ने चमकौर साहिब की सौंपी जिम्मेदारी
चंडीगढ़, 28 अगस्त (हि.स.)। आम आदमी पार्टी के चमकौर साहिब का हलका इंचार्ज बनाए जाने के बाद जसवीर सिंह गढ़ी ने पंजाब अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया है। गढ़ी ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में इसका खुलासा करते हुए बताया कि उन्होंने 26 अगस्त की शाम को ही चेयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके अगले दिन 27 अगस्त को आम आदमी पार्टी ने उन्हें चमकौर साहिब का हलका इंचार्ज घोषित किया।
गढ़ी ने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पंजाब में काफी चर्चा रही, जबकि वह उस समय पंजाब से बाहर थे। उन्होंने आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल का धन्यवाद करते हुए कहा कि उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के विधानसभा क्षेत्र चमकौर साहिब में संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल पार्टी ने उन्हें चुनाव लड़ने के लिए नहीं, बल्कि संगठन को मजबूत करने और सभी वर्गों के लोगों को आम आदमी पार्टी से जोड़ने की जिम्मेदारी सौंपी है।
गढ़ी ने कहा कि पार्टी ने पहले उन्हें फगवाड़ा, फिर आनंदपुर साहिब लोकसभा क्षेत्र में जिम्मेदारी दी और अब चमकौर साहिब में संगठन मजबूत करने का काम सौंपा है। उन्होंने कहा कि वह पार्टी के सिपाही हैं और नेतृत्व जहां भी ड्यूटी लगाएगा, वह उसे पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाएंगे।
-----------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

