जालंधर के बूटा मंडी इलाके में व्यक्ति की हत्या, बेटे के सामने दो हमलावरों ने किया हमला
जालंधर, 28 नवंबर (हि.स.)। बूटा मंडी इलाके में शुक्रवार रात दो हमलावरों ने एक व्यक्ति पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। मृतक की पहचान सतपाल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सतपाल अपने बेटे रोहनप्रीत के साथ स्कूटी पर घर लौट रहा था, तभी यह वारदात हुई।
रोहनप्रीत ने पुलिस को बताया कि जैसे ही उन्होंने स्कूटी मोड़ी, दो व्यक्तियों ने उसके पिता पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में सतपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। बेटे का आरोप है कि मदद के लिए आवाज लगाने के बावजूद कोई भी आगे नहीं आया। गंभीर हालत में सतपाल की मौत हो गई।
परिजनों का कहना है कि उनकी किसी के साथ रंजिश नहीं थी। ऐसे में उन्हें समझ नहीं आ रहा कि सतपाल को निशाना क्यों बनाया गया। थाना नंबर छह के प्रभारी रवि ने बताया कि पुलिस ने वारदात में कथित तौर पर इस्तेमाल किया गया चाकू बरामद कर लिया है। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है। वारदात के कारणों का पता लगाने और आरोपियों की पहचान करने के लिए जांच जारी है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

