विदेश से संचालित हथियार सप्लाई नेटवर्क का पर्दाफाश, एक युवक गिरफ्तार
फिल्लौर, 31 मई (हि.स.)। जालंधर ग्रामीण पुलिस
ने विदेश से संचालित एक अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए एक युवक
को अवैध पिस्तौल, मैगजीन
और जिंदा कारतूसों सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दावा किया है कि बरामद हथियार
का इस्तेमाल किसी बड़ी आपराधिक वारदात में किया जाना था।
वरिष्ठ
पुलिस अधीक्षक जालंधर ग्रामीण हरविंदर सिंह विर्क के निर्देशों तथा पुलिस अधीक्षक
(जांच) विनीत अहलावत और डीएसपी फिल्लौर भारत मसीह लाधड़ के मार्गदर्शन में यह
कार्रवाई की गई। थाना फिल्लौर के प्रभारी लवनीत बांगड़ की अगुवाई में पुलिस टीम ने
गांव मंडी में विशेष तलाशी अभियान चलाया। डीएसपी
भारत मसीह लाधड़ ने बताया कि पुलिस चौकी अपरा के प्रभारी एएसआई सुखदेव सिंह ने
गांव मंडी निवासी जशनप्रीत सिंह के घर पर तलाशी ली। इस दौरान उसके कब्जे से एक 7.63
एमएम पिस्तौल, एक मैगजीन और छह जिंदा कारतूस बरामद किए
गए। बरामदगी के बाद थाना फिल्लौर में शस्त्र अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत
मामला दर्ज किया गया।
प्रारंभिक
जांच में खुलासा हुआ है कि यह हथियार कथित तौर पर आर्मेनिया में रह रहे लवप्रीत
सिंह उर्फ लाडी द्वारा उपलब्ध कराया गया था। पुलिस के अनुसार लवप्रीत सिंह
होशियारपुर जिले के गांव भज्जल का निवासी है और उसके खिलाफ पंजाब के विभिन्न थानों
में अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़े कई मामले पहले से दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपी जशनप्रीत सिंह को अदालत
में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल कर लिया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य
लोगों की पहचान और हथियारों की सप्लाई चेन के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी
हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की
संभावना है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

