जालंधर-दिल्ली हाईवे पर भीषण हादसा, ट्रक से टकराई बाइक; तीन युवकों की मौत
जालंधर, 05 सितंबर (हि.स.)। जालंधर-दिल्ली नेशनल हाईवे पर गोराया ओवरब्रिज के पास देर रात जालंधर से लुधियाना की ओर जा रही एक बाइक आगे चल रहे पार्सल ट्रक से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई।
हादसा देर रात करीब 3 बजे हुआ। तीनों युवक एक ही स्प्लेंडर बाइक पर सवार थे। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक ट्रक के पिछले हिस्से के नीचे फंस गई। आसपास मौजूद लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस और सड़क सुरक्षा फोर्स को दी। सूचना मिलते ही एसएसएफ टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंची।
तीनों युवकों को फिल्लौर के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाद में पुलिस ने शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।
शुरुआती जांच में दो युवकों की पहचान लुधियाना के राधास्वामी रोड निवासी साहिल पुत्र जयकरण और जितेंद्र कुमार पुत्र हरिनंदन के रूप में हुई है। तीसरे युवक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
पुलिस को तीनों युवकों के पास से मोबाइल फोन मिले हैं, जिनकी मदद से उनके परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में तीनों के लुधियाना में किसी फैक्ट्री में काम करने और मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने की बात सामने आई है।
हादसे में शामिल पार्सल ट्रक महाराष्ट्र नंबर का बताया जा रहा है। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके पर नहीं मिला। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। ट्रक और बाइक को हाइड्रा की मदद से हाईवे से हटाकर यातायात सामान्य कराया गया। मामले की जांच जारी है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

