जालंधर सिविल अस्पताल के एनआईसीयू में लगी आग, 60 मरीज सुरक्षित निकाले गए
- एसी में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, चार मरीज ट्रॉमा वार्ड में स्थानांतरित
जालंधर, 04 अगस्त (हि.स.)। जालंधर के सिविल अस्पताल की नवजात गहन चिकित्सा इकाई (एनआईसीयू) में मंगलवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए वार्ड में भर्ती चार मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला और ट्रॉमा वार्ड में स्थानांतरित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एयर कंडीशनर के अधिक गर्म होने के कारण शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग भड़क गई। कुछ ही समय में वार्ड में काला धुआं भर गया और आग आसपास रखे सामान तक फैल गई। घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गई। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आग एक एयर कंडीशनर से शुरू हुई और बाद में दूसरे एसी तथा कमरे की बिजली की तारों तक फैल गई। आग के कारण वार्ड की विद्युत व्यवस्था को काफी नुकसान पहुंचा है। एसी के पास रखे एक मरीज के परिजन के कपड़े और मेडिकल रिपोर्ट भी जल गईं।
परिजन ने बताया कि धुआं भरते ही सभी लोग तेजी से वार्ड से बाहर निकले। उन्होंने कहा कि घटना बेहद डरावनी थी, लेकिन राहत की बात यह रही कि सभी लोग सुरक्षित हैं।
अस्पताल के सुरक्षा प्रभारी ने बताया कि घटना में किसी की जान नहीं गई और न ही कोई घायल हुआ है। हालांकि, वार्ड में रखे बिस्तर, गद्दे, बिजली के उपकरण और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गए। धुएं के कारण दीवारें भी काली पड़ गईं।
मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. नमिता घई ने बताया कि एनआईसीयू के मरीजों को ट्रॉमा वार्ड में स्थानांतरित कर दिया गया है। एहतियात के तौर पर पास के प्रसूति कक्ष और स्त्री रोग विभाग से भी मरीजों को बाहर निकाला गया। सुबह 6 बजकर 15 मिनट तक करीब 60 मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया था। उन्होंने बताया कि अस्पताल की बिजली की तारों और उपकरणों की जांच की जा रही है। विस्तृत निरीक्षण के बाद ही आग लगने के सही कारणों का पता चल पाएगा।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

