ईडी के सामने पेश हुए जालंधर सेंट्रल के विधायक रमन अरोड़ा
- मनी लॉन्ड्रिंग मामले
में पूछताछ, आय
से अधिक संपत्ति और अवैध वसूली के आरोपों की जांच तेज
चंडीगढ़, 02 जून (हि.स.)। जालंधर सेंट्रल से आम आदमी पार्टी
के विधायक रमन अरोड़ा मंगलवार को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के लिए प्रवर्तन
निदेशालय (ईडी) के जालंधर कार्यालय में पेश हुए। ईडी के समन पर विधायक निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचे। सफेद कुर्ता-पायजामा पहने रमन अरोड़ा की
कार्यालय पहुंचने की वीडियो भी सामने आई है। कार्यालय में प्रवेश से पहले उनका
निजी सामान जमा करवाया गया, जिसके
बाद उन्हें पूछताछ के लिए अंदर भेजा गया।
जानकारी के अनुसार यह
मामला आय से अधिक संपत्ति के आरोपों से जुड़ा हुआ है। पंजाब विजिलेंस ब्यूरो पहले
ही रमन अरोड़ा को इस मामले में गिरफ्तार कर चुका है। विजिलेंस द्वारा दर्ज एफआईआर
के आधार पर ईडी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत मनी लॉन्ड्रिंग की
जांच शुरू की है।
रमन अरोड़ा पर
दुकानदारों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से कथित तौर पर अवैध वसूली करने के
आरोप भी लगे हैं। विजिलेंस ब्यूरो ने उनके खिलाफ 1.10 करोड़ रुपये की संपत्ति से संबंधित
मामला दर्ज किया था। गिरफ्तारी के बाद अदालत ने उन्हें पांच दिन की पुलिस हिरासत
में भेजा था।
आरोप है कि रमन
अरोड़ा ने सहायक टाउन प्लानर (एटीपी) सुखदेव वशिष्ठ के साथ मिलकर कथित रूप से अवैध
नोटिस जारी करवाए। इन नोटिसों के जरिए भवन मालिकों को सीलिंग और तोड़फोड़ की
कार्रवाई की धमकी दी जाती थी तथा मामले वापस लेने या निपटाने के बदले धन की मांग
की जाती थी।
अधिकारियों के अनुसार
ईडी ने विधायक को 2 जून
को जालंधर कार्यालय में तलब किया था, जहां पीएमएलए के तहत उनका बयान दर्ज किया जाना था। मामले की
जांच जारी है और एजेंसियां वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच कर रही
हैं।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

