home page

जालंधर में 2 किलो हेरोइन और 7.8 लाख रुपये की ड्रग मनी बरामद, दो गिरफ्तार

 | 

जालंधर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। कमिश्नरेट पुलिस जालंधर के स्पेशल सेल ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 2 किलो हेरोइन, 7.8 लाख रुपये की कथित ड्रग मनी, .32 बोर की एक पिस्तौल और पांच जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार स्पेशल सेल की टीम ने नाखां वाला बाग टी-प्वाइंट पर नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान दशमेश नगर की तरफ से आ रही सफेद रंग की हुंडई आई-20 कार को रोककर तलाशी ली गई। कार चला रहे दीपक उर्फ दीपू के पास से कथित तौर पर एक किलो हेरोइन और 7 लाख रुपये बरामद हुए। इसके बाद भार्गव कैंप थाने में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपित को अदालत में पेश करके पुलिस रिमांड हासिल किया गया।

पूछताछ के दौरान दीपक ने साहिल नाम के एक व्यक्ति के बारे में जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक साहिल मूल रूप से अमृतसर के गिलवाली गेट का रहने वाला है और फिलहाल जालंधर के रामा मंडी के पास करोल बाग क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस ने साहिल को भी गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक किलो हेरोइन, .32 बोर पिस्तौल, पांच जिंदा कारतूस और एक हुंडई वरना कार बरामद की। उसके खिलाफ इसी मामले में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।

पुलिस के अनुसार दीपक के खिलाफ होशियारपुर में पहले से तीन एनडीपीएस मामले दर्ज हैं, जबकि साहिल के खिलाफ पहले कोई आपराधिक मामला सामने नहीं आया। मामले में आगे की जांच जारी है।

--------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH