home page

जलालाबाद सिटी थाने पर ग्रेनेड हमले के आरोप में दो गिरफ्तार

 | 

- करीब 38 घंटे बाद पुलिस ने हमले की पुष्टि की, दो अन्य संदिग्धों की भी हुई पहचान

फाजिल्का, 14 सितंबर (हि.स.)। जलालाबाद सिटी पुलिस स्टेशन में हुए धमाके के मामले में फाजिल्का पुलिस ने सोमवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने करीब 38 घंटे बाद पुष्टि की कि यह ग्रेनेड हमला था। अधिकारियों ने दावा किया कि हमले के पीछे पाकिस्तानी एजेंसियों की भूमिका की जांच में संकेत मिले हैं।

फिरोजपुर रेंज के डीआईजी स्नेहदीप शर्मा और फाजिल्का के एसएसपी गगन अजीत सिंह ने सोमवार शाम पत्रकार वार्ता में बताया कि 12 और 13 सितंबर की दरमियानी रात करीब 2 बजे पुलिस स्टेशन पर ग्रेनेड फेंका गया था। विस्फोट से थाना परिसर में खड़ी दो कारों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए थे, हालांकि किसी की जान नहीं गई। इसी मामले में जलालाबाद उपमंडल के हजारा राम सिंह वाला निवासी गुरप्रीत सिंह और घुबाया गांव निवासी मनप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया गया है।

डीआईजी ने कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों को कथित तौर पर कुछ लोगों ने हमले के लिए तैयार किया था। पुलिस का दावा है कि ग्रेनेड उपलब्ध कराने वाले व्यक्तियों की भी पहचान कर ली गई है। इसके अलावा हमले से जुड़े दो अन्य संदिग्धों की पहचान हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है। एक सवाल के जवाब में डीआईजी शर्मा ने आरोप लगाया कि राज्य की शांति भंग करने के उद्देश्य से पाकिस्तानी एजेंसियां इस साजिश के पीछे थीं। हालांकि इस पहलू की विस्तृत जांच अभी जारी है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धाराओं 3, 4 और 5 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब हमले की पूरी साजिश, ग्रेनेड की आपूर्ति और अन्य संभावित सहयोगियों की भूमिका की जांच कर रही है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH