अमृतसर में आईएसआई समर्थित हथियार-विस्फोटक नेटवर्क का पर्दाफाश, 6 गिरफ्तार
- हैंड ग्रेनेड और एक 9 एमएम पिस्तौल सहित पांच जिंदा कारतूस बरामद
अमृतसर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। अमृतसर पुलिस ने पाकिस्तान आईएसआई समर्थित हथियार और विस्फोटक आपूर्ति नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए पुलिस संस्थानों पर हमला करने की साजिश को नाकाम कर दिया है। इसके साथ पुलिस ने मई में आर्मी छावनी खासा के नजदीक हुए इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) धमाके संबंधी मामले को सुलझा लिया है।
डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने मंगलवार को बताया कि पुलिस टीमों ने दो आपस में जुड़े मामलों में कुल छह व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से एक हैंड ग्रेनेड और एक 9 एमएम पिस्तौल सहित पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इनमें
नवदीप सिंह निवासी फतेहगढ़ कोरोटाना, धर्मकोट, मोगा, सैमुअल उर्फ सामू तथा संदीप सिंह उर्फ टिड्डी दोनों निवासी मेनेवाला हैं। खासा छावनी में आईईडी धमाके को अंजाम देने के लिए गिरफ्तार किए गए तीन गुर्गों की पहचान रमनदीप सिंह, जजप्रीत सिंह और अरशदीप सिंह उर्फ केकड़ा तीनों निवासी पुरानी दाना मंडी, अटारी, अमृतसर के रूप में की गई है।
इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (आईजीपी) बॉर्डर रेंज गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि सीमा पार हैंडलरों की चालों से पुलिस संस्थानों पर हमला करके अमन-शांति भंग करने की साजिश रचने संबंधी केंद्रीय एजेंसियों से मिली भरोसेमंद जानकारी के आधार पर तुरंत कार्रवाई करते हुए अमृतसर देहाती पुलिस की टीमों ने एक मोटरसाइकिल को रोका और नवदीप सिंह को उसके साथियों सैमुअल उर्फ सामू और संदीप सिंह उर्फ टिड्डी सहित काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक हैंड ग्रेनेड और एक 9 एमएम पिस्तौल सहित पांच जिंदा कारतूस बरामद किए। इस संबंध में थाना घरिंडा में एफआईआर दर्ज की गई है।
आईजीपी ने आगे बताया कि इस ऑपरेशन के दौरान 5 मई की रात करीब 11 बजे कैंट खासा स्थित ब्रिगेड सिक्योरिटी की दीवार पर हुए आईईडी धमाके के मामले की गुत्थी भी सुलझा ली है। उन्होंने बताया कि इस अनसुलझे धमाके के मामले को सुलझाने के लिए अमृतसर देहाती के एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चाहल ने एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया था, जिसमें एसपी (जांच) रमनदीप सिंह, एसपी ऑपरेशंस गगनदीप सिंह, डीएसपी डिटेक्टिव गुरिंदरपाल सिंह नागरा और डीएसपी अटारी यादविंदर सिंह शामिल थे।
एसएसपी कंवलप्रीत चाहल ने बताया कि सीआईए इंचार्ज इंस्पेक्टर मनमीत सिंह और घरिंडा थाने के एसएचओ इंस्पेक्टर अमनदीप सिंह के नेतृत्व वाली टीमों द्वारा बारीकी से की गई जांच और तकनीकी ढंग से की गई ट्रैकिंग के कारण मुलजिम रमनदीप सिंह, जजप्रीत सिंह और अरशदीप सिंह उर्फ केकड़ा को सफलतापूर्वक काबू कर लिया गया है। इस संबंध में थाना घरिंडा में एफआईआर पहले ही दर्ज है।
----------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

