भारत-पाकिस्तान सीमा के पास खालड़ा क्षेत्र से हथियार बरामद
- बीएसएफ और पंजाब पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 2 पिस्तौल, 2 मैगजीन और 50 जिंदा कारतूस मिले
तरनतारन, 22 सितंबर (हि.स.)। भारत-पाकिस्तान सीमा के नजदीक खालड़ा क्षेत्र में मंगलवार को बीएसएफ और पंजाब पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर हथियारों की खेप बरामद की। तलाशी के दौरान 2 पिस्तौल, 2 खाली मैगजीन और 50 जिंदा कारतूस मिले हैं।
डीएसपी भिखीविंड अतुल सोनी ने बताया कि खालड़ा पुलिस और बीएसएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव डल में शेर सिंह के खेतों में तीन पीले रंग के संदिग्ध पैकेट पड़े हैं। सूचना के आधार पर क्षेत्र में संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया गया। इस दौरान खेतों से तीनों पैकेट बरामद किए गए। जांच करने पर इनमें से 2 पिस्तौल, 2 खाली मैगजीन और 50 जिंदा कारतूस मिले।
पुलिस ने बरामद हथियारों को कब्जे में लेकर खालड़ा थाने में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अब यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हथियारों की यह खेप कहां से आई और इसे किस व्यक्ति या नेटवर्क तक पहुंचाया जाना था। मामले में आगे की जांच जारी है।
--------------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

