home page

भारत-पाकिस्तान सीमा पर बीएसएफ-पंजाब पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, दो पिस्तौल और कारतूस बरामद

 | 
भारत-पाकिस्तान सीमा पर बीएसएफ-पंजाब पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, दो पिस्तौल और कारतूस बरामद


तरनतारन, 28 सितंबर (हि.स.)। भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे खालड़ा क्षेत्र में सीमा सुरक्षा बल और पंजाब पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो पिस्तौल, दो मैगजीन और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान एक युवक को भी गिरफ्तार किया गया है।

थाना खालड़ा के एएसआई गुरनाम सिंह के अनुसार बीएसएफ की टीम ने कलसिया खुर्द गांव के खेतों में तलाशी अभियान चलाया था। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक को पीले रंग के पैकेट के साथ पकड़ा गया। पैकेट की जांच करने पर उसमें एक पिस्तौल और एक मैगजीन बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक जोबनजीत सिंह से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर कलसिया खुर्द क्षेत्र की डिफेंस ड्रेन में तलाशी ली गई। वहां से एक और पिस्तौल, एक मैगजीन और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

पुलिस ने आरोपित के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि बरामद हथियार सीमा पार पाकिस्तान से मंगवाए गए हो सकते हैं। हालांकि, हथियारों की आपूर्ति के तरीके और इनके इस्तेमाल के उद्देश्य को लेकर जांच अभी जारी है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार जोबनजीत सिंह से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद हथियार किसके लिए मंगवाए गए थे और इस नेटवर्क में अन्य कौन लोग शामिल हो सकते हैं।

-------------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH