home page

नीट (यूजी)-2026 पुनर्परीक्षा के लिए नूंह में ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त

 | 
नीट (यूजी)-2026 पुनर्परीक्षा के लिए नूंह में ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त


नूंह, 19 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट यूजी)-2026 की पुनर्परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं सफल आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधीश एवं उपायुक्त अखिल पिलानी ने परीक्षा केंद्रों पर कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने तथा परीक्षा प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है।

जिलाधीश द्वारा जारी आदेशों के अनुसार यह पुनर्परीक्षा 21 जून, 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर अधिकारियों की तैनाती की गई है।

नियुक्त अधिकारियों में कार्यकारी अभियंता पंचायत राज विभाग योगेश शर्मा को जीएमएसएसएस नूंह-1, कार्यकारी अभियंता जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) पुन्हाना रोहित कुमार को जीएमएसएसएस नूंह-2, कार्यकारी अभियंता सिंचाई विभाग आफताब रहमान को शहीद लेफ्टिनेंट किरण शेखावत राजकीय महिला कॉलेज सलाहेड़ी तथा जिला नगर योजनाकार बिनेश कुमार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) मारोड़ा परीक्षा केंद्र का ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। जिला उद्यान अधिकारी डॉ. अब्दुल रज्जाक को रिजर्व ड्यूटी मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अखिल पिलानी ने बताया कि सभी ड्यूटी मजिस्ट्रेट भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 के तहत प्रदत्त कार्यपालक मजिस्ट्रेट की शक्तियों का प्रयोग करेंगे। साथ ही उन्हें परीक्षा से एक दिन पूर्व अपने-अपने केंद्रों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। उपमंडल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) नूंह को परीक्षा के दौरान कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने का समग्र प्रभारी नियुक्त किया गया है।

जिलाधीश ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने दायित्वों का गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें तथा परीक्षा के सफल आयोजन में पूर्ण सहयोग सुनिश्चित करें, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया