home page

मोगा में घरेलू विवाद के चलते पिता की गोली मारकर हत्या, बेटा फरार

 | 

मोगा, 26 नवंबर (हि.स.)। शहर की तांगेवाला गली में बुधवार देर रात घरेलू विवाद के चलते एक बेटे पर अपने 65 वर्षीय पिता की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगा है। वारदात के बाद आरोपित फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

मोगा के पुलिस उपाधीक्षक गुरप्रीत सिंह सरां ने बताया कि कुलदीप सिंह अपने घर में सो रहे थे, तभी उनके बेटे मनदीप सिंह ने उन्हें गोली मार दी। घटना से पहले दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। कुलदीप सिंह नशे का आदी था और अक्सर परिवार के सदस्यों से झगड़ा करता था। कुलदीप सिंह ने बेटे की कथित नशे की लत और अन्य आदतों के चलते उसे घर से निकाल दिया था। इसके अलावा उसे पारिवारिक संपत्ति से भी बेदखल कर दिया था। आशंका है कि इसी वजह से पिता-पुत्र के बीच तनाव बढ़ गया था।

पुलिस अधिकारी दरबारा सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर मोगा के सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मनदीप सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

----------------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH