पंजाब के रोपड़ में फार्म हाउस में मृत मिले हरियाणा के पूर्व मंत्री के बेटे
रोपड़, 11 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा के पूर्व कृषि मंत्री स्वर्गीय जसविंदर सिंह संधू के बेटे गगनजोत संधू की शुक्रवार को पंजाब के रोपड़ जिले में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 48 वर्षीय गगनजोत पखराली गांव स्थित ककोट फार्म हाउस में मृत मिले। प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस ने कहा है कि सभी तथ्यों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
सूचना मिलने पर रोपड़ पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। शव को रोपड़ सिविल अस्पताल भेजा गया है, जहां शनिवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
रोपड़ सदर थाना प्रभारी सन्नी खन्ना ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
जानकारी के अनुसार, गगनजोत संधू शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे पखराली गांव स्थित फार्म हाउस पहुंचे थे। उनके साथ उनका एक परिचित भी था, जो बाद में खाना लेने के लिए बाहर चला गया। वापस लौटने पर गगनजोत फार्म हाउस में मृत मिले, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
रोपड़ सिविल अस्पताल के डॉ. चंदन के अनुसार, गगनजोत संधू को शाम करीब 6:50 बजे अस्पताल लाया गया था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। मौत के सही कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी।
गगनजोत संधू हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के गुमथला गढ़ू गांव से दो बार सरपंच रह चुके थे। उनके पिता जसविंदर सिंह संधू हरियाणा की राजनीति में लंबे समय तक सक्रिय रहे और पिहोवा विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक चुने गए थे। वर्ष 2000 में ओमप्रकाश चौटाला सरकार में उन्हें कृषि मंत्री बनाया गया था। वर्ष 2019 में बीमारी के कारण उनका निधन हो गया था।
गगनजोत संधू तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनके परिवार में पत्नी सिमरनजीत कौर और दो बेटे हैं। परिवार के सदस्य घटना की सूचना मिलने के बाद रोपड़ पहुंचे।
पुलिस फिलहाल फार्म हाउस से मिले साक्ष्यों, घटनाक्रम और अन्य परिस्थितियों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

