पंजाबी गायक हंस राज हंस व जैजी बी ने दरबार साहिब में माथा टेका
चंडीगढ़, 28 फ़रवरी (हि.स.)। पंजाब के मशहूर गायक एवं पूर्व सांसद हंस राज हंस ने शनिवार को दरबार साहिब में माथा टेककर सरबत के भले के लिए अरदास की। दरबार साहिब में नतमस्तक होकर उन्होंने वाहेगुरु का शुकराना अदा किया और कहा कि यहां आकर जो सुकून मिलता है, उसे शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता।
माथा टेकने के बाद हंस राज हंस ने कहा कि दुनिया में इंसान बहुत कुछ तलाश करता है। मगर यहां आकर जो आत्मिक शांति मिलती है, वह अनमोल है। इसे न तोला जा सकता है और न ही खरीदा जा सकता है। उन्होंने आगे कहा कि यह दुनिया का सबसे पवित्र स्थान है, जहां इंसान अपने अहंकार और चिंताओं को छोडक़र आता है।
इसी दौरान शुक्रवार की देररात पंजाबी गायक जैजी बी (जसविंदर सिंह बैंस) ने भी दरबार साहिब पहुंचकर माथा टेका। आधी रात को उन्होंने गुरु घर में नतमस्तक होकर आशीर्वाद लिया। उस समय परिसर में गूंज रही गुरुबाणी की मधुर ध्वनि और सरोवर का शांत जल श्रद्धालुओं को अद्भुत आध्यात्मिक अनुभव प्रदान कर रहा था। मत्था टेकने के बाद जैजी बी ने श्रद्धा के साथ पवित्र सरोवर के किनारे कुछ समय ध्यान लगाया। इसके पश्चात उन्होंने पूरी आस्था के साथ परिक्रमा की। परिक्रमा पर चलते हुए वे गुरुघर की महिमा का स्मरण करते रहे। करीब एक घंटे से अधिक समय तक वह गोल्डन टेंपल परिसर में रहे और कीर्तन का आनंद लेते रहे। इस दौरान कुछ श्रद्धालुओं ने उन्हें पहचान लिया, लेकिन उन्होंने विनम्रता बनाए रखते हुए सभी को सत श्री अकाल कहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

