home page

चंडीगढ़ में जिम ट्रेनर ने की युवती से छेड़छाड़

 | 

चंडीगढ़, 30 जुलाई (हि.स.)। चंडीगढ़ की एक युवती ने जिम ट्रेनर पर जिम में एक्सरसाइज के दौरान छेड़छाड़ का आरोप लगाया। इस मुद्दे पर आज दिन भर चंडीगढ़ में विवाद चलता रहा। पीड़िता ने भाजपा की एक महिला नेत्री पर जबरन समझौता करने का दबाव बनाने का भी आरोप लगाया है।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसने करीब दो महीने पहले अपनी बड़ी बहन के साथ जिम जाना शुरू किया था। दोनों रोजाना की तरह बुधवार शाम भी जिम करने के लिए जिम पहुंची थीं। उस समय जिम ट्रेनर ने पहले बड़ी बहन को ऊपर वाले फ्लोर पर साइकिल एक्सरसाइज करने के लिए भेज दिया। इसके बाद उसने छोटी बहन से कहा कि वह नीचे स्ट्रेचिंग करेगी।

आरोप है कि स्ट्रेचिंग कराने के बहाने ट्रेनर युवती को जिम के उस हिस्से में ले गया, जहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे। वहां उसने अश्लील हरकत की। आरोपित ने पहले उसके शरीर को गलत तरीके से छुआ और फिर उसके सीने पर भी हाथ लगाया।

पीड़िता की शिकायत पर सेक्टर-39 थाना पुलिस ने जिम ट्रेनर दीपक के खिलाफ बुधवार रात करीब 11:15 बजे मामला दर्ज कर लिया। पीड़िता के पिता ने कहा कि जब हम जिम पहुंचे, तो कुछ देर बार भाजपा की जिलाध्यक्ष रेखा सूद, भाजपा पार्षद संदीप कुमार के पति जिम में पहुंचे। वहां पहुंचते ही उन्होंने हमें डराना-धमकाना शुरू कर दिया।

पिता ने कहा कि बेटी की बात सुनने के बाद परिवार के सदस्य जिम में पहुंचे। इसके बाद जिम ट्रेनर को बुलाया गया। मेरे पूछने पर उसने अपनी गलती स्वीकार की और माफी मांगने लगा। पिता ने कहा कि करीब डेढ़ घंटे बाद भाजपा चंडीगढ़ की जिलाध्यक्ष रेखा सूद, स्थानीय पार्षद के पति और उनके साथ 5 से 6 अन्य लोग जिम में पहुंचे। वहां पहुंचते ही उन्होंने हमें डराना-धमकाना शुरू कर दिया। गुरुवार को इसे लेकर चंडीगढ़ में कुछ युवाओं ने भाजपा नेता के विरूद्ध प्रदर्शन भी किया। दूसरी तरफ रेखा सूद ने कहा कि वह किसी कार्यक्रम में थी। वहां उन्हें इस घटना के बारे में पता चला। उन्होंने किसी प्रकार से दबाव नहीं बनाया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा