वैष्णो देवी से लौट रहे श्रद्धालुओं का वाहन गुरदासपुर में दुर्घटनाग्रस्त, 2 की मौत, 14 घायल
गुरदासपुर, 05 जून (हि.स.)। अमृतसर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर बटाला के नजदीक शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में माता वैष्णो देवी के दर्शन कर लौट रहे दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब श्रद्धालुओं से भरी टेंपो ट्रैवलर आगे जा रहे एक टिपर से टकरा गई।
पुलिस के अनुसार उधोवाल अड्डे के पास आगे चल रहे टिपर चालक ने अचानक वाहन को स्लिप रोड की तरफ मोड़ दिया। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही टेंपो ट्रैवलर टिपर के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो ट्रैवलर के परखच्चे उड़ गए और वाहन के टुकड़े करीब 50 मीटर तक सड़क पर बिखर गए। हादसे का शिकार हुए सभी यात्री मानसा जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। ये श्रद्धालु एक टूर कंपनी के माध्यम से पहले श्रीनगर गए थे और वहां से कटरा में दो दिन बिताने के बाद रात करीब 10 बजे वापसी के लिए रवाना हुए थे। उन्हें अमृतसर के रास्ते तलवंडी साबो, बठिंडा पहुंचना था।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों, पंजाब पुलिस और स्टेट स्पेशल फोर्स की टीमों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। टेंपो ट्रैवलर की छत उखड़ जाने के कारण कई यात्री अंदर ही फंस गए थे, जिन्हें काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। हादसे में एक पुरुष यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। घायलों को पहले सिविल अस्पताल बटाला लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को गुरु नानक देव अस्पताल अमृतसर रेफर कर दिया गया।
डॉक्टरों के अनुसार एक घायल के सिर पर गहरी चोट लगी है, जबकि टेंपो ट्रैवलर चालक की हालत भी नाजुक बनी हुई है। अन्य घायलों का इलाज जारी है।
एसएसएफ चौकी इंचार्ज हरदयाल जौहल ने बताया कि हादसाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज किए हैं और टिपर चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

