आवारा कुत्तों संबंधी सुप्रीम कोर्ट के आदेशों को लागू करेगी पंजाब सरकार : भगवंत सिंह मान
- कुत्तों की देखभाल के लिए बनाए जाएंगे डॉग शेल्टर, सार्वजनिक स्थानाें से हटाए जाएंगे आवारा कुत्ते
चंडीगढ़, 22 मई (हि.स.)। पंजाब के कई हिस्सों में आवारा कुत्तों के हमलों की बढ़ती घटनाओं को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शुक्रवार काे कहा कि पंजाब सरकार आवारा कुत्तों के संबंध में सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों को पूरी तरह लागू करेगी। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि आवारा कुत्तों को अधिक भीड़भाड़ वाली जगहों से हटाया जाएगा और उनकी उचित देखभाल के लिए आवश्यक शेल्टर होम बनाए और संचालित किए जाएंगे।
सुप्रीम कोर्ट के 19 मई को जारी निर्देशों का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब सरकार ने पूरे राज्य में इन आदेशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए पहले ही आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं। उन्होंने आगे कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार आवारा कुत्तों को सभी अधिक भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों से हटाया जाएगा, ताकि बच्चे, बुजुर्ग और परिवार बिना किसी डर के स्वतंत्र रूप से घूम सकें।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि पंजाब सरकार आवश्यक संख्या में डॉग शेल्टर (आश्रय गृह) बनाएगी, जहां आवारा कुत्तों की उचित तरीके से देखभाल की जा सकेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कदम से पूरे पंजाब के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी, क्योंकि आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या मानव जीवन के लिए गंभीर खतरा बन चुकी है। आवारा कुत्तों के हमलों की घटनाओं ने नागरिकों में व्यापक चिंता पैदा की है, जिसके कारण पंजाब सरकार के लिए इस मुद्दे पर निर्णायक कार्रवाई करना जरूरी हो गया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

