home page

उत्तराखंड के राज्यपाल गुरमीत सिंह ने श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेका

 | 
उत्तराखंड के राज्यपाल गुरमीत सिंह ने श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेका


अमृतसर, 18 अप्रैल (हि.स.)।

उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने शनिवार को अमृतसर स्थित पवित्र श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेककर देश और प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली के लिए अरदास की। इस दौरान उन्होंने गुरुद्वारा परिसर में कुछ समय बिताकर आध्यात्मिक शांति का अनुभव भी साझा किया। राज्यपाल गुरमीत सिंह ने कहा कि श्री हरमंदिर साहिब केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि मानवता, समानता और निस्वार्थ सेवा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यहां गूंजती गुरुवाणी, पवित्र सरोवर की शांति और सेवा भाव हर व्यक्ति की आत्मा को गहराई से स्पर्श करते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि यह पवित्र स्थान हमें सिखाता है कि सच्ची श्रद्धा केवल प्रार्थना तक सीमित नहीं होती, बल्कि सेवा, समर्पण और प्रेम के भाव में निहित होती है। राज्यपाल ने अपने दौरे के दौरान देश में शांति, सौहार्द और विकास की कामना की और कहा कि ऐसे आध्यात्मिक स्थल समाज को जोड़ने और मानवता के मूल्यों को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH