नियमित डीजीपी नियुक्त होने के बाद गौरव यादव ने गैंगस्टरों और नशा तस्करों को दी कड़ी चेतावनी
- कहा, देश हो या विदेश, कहीं भी छिपे अपराधियों को पकड़कर कानून के कटघरे में लाएगी पंजाब पुलिस
चंडीगढ़, 09 अक्टूबर (हि.स.)। पंजाब के नियमित पुलिस महानिदेशक नियुक्त होने के बाद आईपीएस गौरव यादव ने कहा कि पंजाब में शांति और आपसी भाईचारा बनाए रखना पंजाब पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रविरोधी तत्वों को किसी भी कीमत पर अपने मंसूबों में कामयाब नहीं होने दिया जाएगा।
गौरव यादव ने संगठित अपराधियों और असामाजिक तत्वों को चेतावनी देते हुए कहा कि पंजाब में उनके लिए कोई जगह नहीं है। अपराधी चाहे भारत के किसी हिस्से में छिपे हों या विदेश में, पंजाब पुलिस उन्हें पकड़कर कानून के कटघरे में लाने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि गैंगस्टरों और उनके पूरे नेटवर्क के खिलाफ चल रहे अभियानों को और तेज किया जाएगा।
पुलिस महानिदेशक ने मुख्यमंत्री भगवंत मान की अध्यक्षता में हाल ही में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बैठक में ‘नशों के विरुद्ध युद्ध’ अभियान को और व्यापक तथा प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार के सभी संबंधित विभाग, पंजाब पुलिस और प्रदेश के लोग मिलकर नशे के खिलाफ इस अभियान को उसके अंतिम लक्ष्य तक पहुंचाएंगे।
गौरव यादव ने दोहराया कि पंजाब पुलिस संगठित अपराध को समाप्त करने, नशा तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त करने और प्रदेश को सुरक्षित, शांतिपूर्ण तथा नशामुक्त बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
---------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

