पठानकोट जाते समय पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू के काफिले पर हमला
- एक सप्ताह में भाजपा नेताओं पर हमले की तीसरी घटना
चंडीगढ़, 18 सितंबर (हि.स.)। भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के पठानकोट जाते समय उनके काफिले पर हमला किये जाने की खबर है। बिट्टू भाजपा की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पठानकोट जा रहे थे। उन्होंने दावा किया कि उनकी सुरक्षा टीम ने तीन लोगों को पकड़ा, जिनके आम आदमी पार्टी से जुड़े होने का आरोप लगाया गया है।
बिट्टू ने आरोप लगाया कि स्थानीय विधायक शैरी कलसी ने उनकी यात्रा रोकने के लिए इन लोगों को भेजा था। उन्होंने पंजाब सरकार से घटना की जांच कराने और राजनीतिक नेताओं व कार्यकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि यदि उन्हें कोई नुकसान पहुंचता है, तो पंजाब के मुख्यमंत्री और डीजीपी जिम्मेदार होंगे। इन आरोपों की पुष्टि पुलिस ने अपनी रिपोर्टों में नहीं की है।
भाजपा की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ का शुक्रवार को पठानकोट से शुभारंभ होना है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन इसके शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होने वाले हैं। यात्रा को पंजाब के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों तक ले जाने की योजना है।
इससे पहले 10 सितंबर को पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों के काफिले को संगरूर जिले के तूर बंजारा गांव की ओर जाते समय रोके जाने का मामला सामने आया था। भाजपा ने आरोप लगाया था कि आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनकी गाड़ी को रोककर हमला किया। उस समय ढिल्लों के साथ मनप्रीत सिंह बादल, सुनील जाखड़ और अश्वनी शर्मा भी मौजूद थे।
बीते बुधवार को होशियारपुर के बारियां कलां गांव में डॉ. बीआर अंबेडकर की प्रतिमा से कथित छेड़छाड़ के विरोध में आयोजित प्रदर्शन के दौरान भाजपा और बहुजन समाज पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता विजय सांपला घायल हो गए। रिपोर्टों के मुताबिक, सांपला के चेहरे के पास चोट लगी और नाक से खून आया, जबकि गर्दन पर खरोंचें भी आईं थी।
-------------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

