home page

पूर्व ईडी अधिकारी निरंजन सिंह ‘अकाली दल वारिस पंजाब दे’ में शामिल

 | 
पूर्व ईडी अधिकारी निरंजन सिंह ‘अकाली दल वारिस पंजाब दे’ में शामिल


- पूर्व डीएसपी बलविंदर सिंह सेखों ने भी थामा पार्टी का दामन, विधानसभा चुनाव लड़ने पर निरंजन बोले-अभी नहीं सोचा

चंडीगढ़, 23 सितंबर (हि.स.)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के पूर्व डिप्टी डायरेक्टर निरंजन सिंह बुधवार को ‘अकाली दल वारिस पंजाब दे’ में शामिल हो गए। पार्टी में शामिल होने के मौके पर विधायक मनप्रीत सिंह अयाली और डिब्रूगढ़ जेल में बंद खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह मौजूद रहे। इसी दौरान पंजाब पुलिस के पूर्व डीएसपी बलविंदर सिंह सेखों ने भी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

पार्टी में निरंजन सिंह का स्वागत करते हुए विधायक मनप्रीत सिंह अयाली ने कहा कि उनके शामिल होने से पार्टी को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि निरंजन सिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान नशे के खिलाफ कार्रवाई में भूमिका निभाई है। पार्टी में शामिल होने के बाद निरंजन सिंह ने पंजाब में नशे और भ्रष्टाचार की स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि राज्य के मौजूदा हालात को लेकर समाज में गंभीरता से सवाल उठाए जाने की जरूरत है।

विधानसभा चुनाव लड़ने के सवाल पर निरंजन सिंह ने कहा कि उन्होंने अभी चुनाव लड़ने के बारे में कोई फैसला नहीं किया है। उन्होंने बताया कि पार्टी में शामिल होने का फैसला विधायक मनप्रीत सिंह अयाली और तरसेम सिंह के मंगलवार को जालंधर स्थित उनके आवास पर हुई मुलाकात के बाद लिया गया।

निरंजन सिंह मई, 2021 में ईडी की सेवा से सेवानिवृत्त हुए थे। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई चर्चित नशा मामलों की जांच की, जिनमें करोड़ों रुपये से जुड़े जगदीश भोला ड्रग रैकेट का मामला भी शामिल था। इस मामले की धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत जांच के दौरान उन्होंने पूर्व मंत्रियों बिक्रम सिंह मजीठिया और सरवन सिंह फिल्लौर सहित कई वरिष्ठ नेताओं से पूछताछ की थी। बाद में निरंजन सिंह का जालंधर से कोलकाता तबादला किया गया था। इस तबादले को लेकर मामला पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट तक पहुंचा था और बाद में तबादला रद्द कर दिया गया था।

‘अकाली दल वारिस पंजाब दे’ का नेतृत्व खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल सिंह कर रहे हैं। अमृतपाल सिंह फिलहाल 2023 के अजनाला थाने पर हुए हमले से जुड़े मामले में असम की जेल में बंद हैं। पंजाब में विधानसभा चुनाव अगले वर्ष की शुरुआत में प्रस्तावित हैं।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH