पंजाब के पूर्व डीजीपी ने बताया जान को खतरा
-अपनी व परिवार की सुरक्षा के लिए पुलिस को लगाई गुहार
चंडीगढ़, 18 अक्टूबर (हि.स.)। पंजाब के पूर्व पुलिस महानिदेशक मोहम्मद मुस्तफा ने अपनी और परिवार की जान को खतरा बताते हुए पुलिस के आला अधिकारियों से शिकायत की है। उन्होंने मलेरकोटला के एक निवासी पर धमकियां देने, आपराधिक साजिश रचने और मानहानि के आरोप लगाए हैं। मुस्तफा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित करने की मांग की है।
मलेरकोटला के एसएसपी हरकमल प्रीत सिंह की निगरानी में थाना सिटी-1 पुलिस शिकायत की जांच कर रही है। धमकियों के पीछे के तथ्यों का पता जांच के बाद ही चलेगा। मुस्तफा आतंकवाद के दौर में पंजाब पुलिस में सेवाएं दे चुके हैं। अक्टूबर 2025 में उनके बेटे अकील अख्तर की पंचकूला स्थित आवास पर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिवार चर्चा में आया था। इसके बाद मलेरकोटला निवासी शमशुद्दीन चौधरी ने पंचकूला पुलिस में शिकायत दी थी।
अप्रैल 2026 में मुस्तफा की शिकायत पर मलेरकोटला पुलिस ने कथित मानहानि के मामले में एफआईआर दर्ज की थी। अब नई शिकायत में उन्होंने खुद और परिवार की सुरक्षा पर खतरा जताया है। एसआईटी गठित करने की मांग के बीच पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

