home page

चंडीगढ़ में कैमिस्ट शॉप कैशियर हत्याकांड में लापरवाही पर पांच पुलिस कर्मी निलंबित

 | 

चंडीगढ़, 17 जून (हि.स.)। चंडीगढ़ में मेडिकल स्टोर कैशियर की हत्या के दौरान डयूटी में लापरवाही के चलते पांच पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।

चंडीगढ़ के एसएसपी सुमेर प्रताप सिंह ने बुधवार को यह आदेश जारी किए हैं। बीती 13 जून की दोपहर चंडीगढ़ के सेक्टर 11 स्थित कुमार मेडिकल के कैशियर जानकी दास को दो युवकों ने गोलियों से छलनी कर दिया था, जिसके बाद पुलिस ने शहर में नाकाबंदी करवाई। वायरलेस पर सभी वाहनों की जांच के आदेश जारी किए गए। इसके बावजूद कुछ नाकों पर वाहनों की जांच नहीं हुई।

इसी लापरवाही के चलते बुधवार को थाना-11 के एसआई बचित्तर सिंह, लेडी कांस्टेबल सुमन, पुलिस पोस्ट लेक पर तैनात सीनियर कांस्टेबल रॉबिन, थाना-3 की लेडी कांस्टेबल दीक्षा और थाना आईटी पार्क की सीनियर लेडी कांस्टेबल जसपाल कौर को निलंबित कर दिया गया। अब ये पुलिस लाइन सेक्टर-26 में हाजिरी लगाएंगे।

चंडीगढ़ के एसएसपी सुमेर प्रताप सिंह के अनुसार जांच में सामने आया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगाए नाकों पर जांच के दौरान ड्यूटी में इन्होंने लापरवाही की, जिससे बदमाश भागने में कामयाब रहे। पुलिस जांच में सामने आया है कि चंडीगढ़ में शूटर्स का टारगेट सेक्टर-11 में श्री कुमार केमिस्ट के कैशियर जानकीदास नहीं, बल्कि इसी सेक्टर का एक बड़ा केमिस्ट था। शूटर्स को उस केमिस्ट को मारने की सुपारी फिरोजपुर के एक शख्स ने दी थी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह साफ हो गया है कि टारगेट जानकीदास नहीं थे। दोनों शूटर कुमार नाम के चक्कर में उलझ गए और श्री कुमार केमिस्ट में बैठे जानकीदास को टारगेट समझकर गोलियां मार दीं। सेक्टर-11 में कुमार नाम से जुड़ी 6 मेडिकल शॉप हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा