home page

सीमा पार से हथियार की तस्करी करने वाले मॉड्यूल का पर्दाफाश, 8 पिस्तौलों सहित पांच गिरफ्तार

 | 
सीमा पार से हथियार की तस्करी करने वाले मॉड्यूल का पर्दाफाश, 8 पिस्तौलों सहित पांच गिरफ्तार


- विदेशी तस्कर से संपर्क के लिए वर्चुअल नंबरों का करते थे इस्तेमाल

चंडीगढ़, 27 मई (हि.स.)। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने आठ आधुनिक पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद करके सीमा पार से अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने पांच हथियार तस्करों को भी गिरफ्तार किया है।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने बुधवार को बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान अर्शदीप सिंह उर्फ डी (21) निवासी गुरु की वडाली, अमृतसर; मनप्रीत सिंह उर्फ मान (26) निवासी गांव भैणी, अमृतसर, सुखराज सिंह उर्फ बिल्ला (29) निवासी गांव नौशहरा तरनतारन, राहुल गिल उर्फ राहुल (22) निवासी गांव दराजके, तरनतारन और अर्शदीप सिंह उर्फ गग्गड़ (25) निवासी गांव लोहके, तरनतारन के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है, जिनके खिलाफ आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, हत्या के प्रयास, अपहरण और जेल एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं।

बरामद की गई पिस्तौलों में एक 9 एमएम जिगाना, एक .30 बोर पीएक्स 3 (चीन निर्मित), एक .30 बोर बेरेटा (इटली निर्मित), तीन 9 एमएम ग्लॉक और दो .32 बोर पिस्तौल शामिल हैं। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि यह मॉड्यूल सीमा पार से ड्रोन के जरिए भेजी जाने वाली हथियारों और नशे की खेप प्राप्त कर इन्हें पंजाब में आगे आपराधिक तत्वों को सप्लाई करता था। डीजीपी ने कहा कि नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान के लिए मामले में आगे और पीछे के संबंधों का पता लगाने के लिए आगे जांच की जा रही है।

पुलिस कमिश्नर (सीपी) अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि विश्वसनीय सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने राहुल गिल उर्फ राहुल को दो पिस्तौलों सहित गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि राहुल के खुलासों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अर्शदीप उर्फ गग्गड़ को एक पिस्तौल सहित गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान पुलिस टीमों ने दो अन्य सक्रिय सदस्यों अर्शदीप उर्फ डी और मनप्रीत उर्फ को उस समय गिरफ्तार कर लिया, जब वे छेहरटा, अमृतसर स्थित मीरी पीरी अकादमी रोड के पास मोटरसाइकिल पर जा रहे थे तथा उनके कब्जे से दो और पिस्तौल बरामद हुए।

पुलिस कमिश्नर ने आगे बताया कि पूछताछ के दौरान अर्शदीप उर्फ डी और मनप्रीत उर्फ मान ने खुलासा किया कि बरामद किए गए हथियार और गोला-बारूद उन्होंने सुखराज उर्फ बिल्ला से खरीदे थे और उनके बयानों के आधार पर सुखराज उर्फ बिल्ला को .30 बोर बेरेटा पिस्तौल सहित गिरफ्तार कर लिया गया।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा