home page

चुनाव ड्यूटी से गैरहाजिर रहने पर 70 कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश, शिक्षकों में रोष

 | 

फिरोजपुर, 28 मई (हि.स.)। पंजाब के फिरोजपुर में

स्थानीय निकाय चुनावों के दौरान कथित तौर पर पोलिंग ड्यूटी से गैरहाजिर रहने वाले 70 अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की गई है। इनमें कई शिक्षक भी शामिल हैं। इस कार्रवाई के बाद

शिक्षकों में भारी रोष देखने को मिल रहा है।

एसडीएम-कम-रिटर्निंग

ऑफिसर अभिषेक शर्मा ने इन कर्मचारियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 208 तथा पंजाब राज्य चुनाव आयोग अधिनियम,

1994 की धारा 120 के तहत कार्रवाई की सिफारिश की है।

एफआईआर की

सिफारिश के बाद जिन शिक्षकों के नाम सूची में शामिल हैं, उन्होंने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शिक्षक

यूनियनों ने प्रशासन पर उत्पीड़न, कुप्रबंधन और

पोलिंग स्टाफ को परेशान करने के आरोप लगाए हैं।

कई शिक्षकों का

कहना है कि उन्होंने चुनाव ड्यूटी पूरी ईमानदारी से निभाई और देर रात तक बैलेट

बॉक्स जमा करवाए, इसके बावजूद

उन्हें अनुपस्थित दिखा दिया गया।

शिक्षकों ने दावा

किया कि मतदान समाप्त होने के बाद भी वे देर रात तक चुनाव प्रक्रिया में लगे रहे।

बैलेट बॉक्स जमा करवाने और अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के बावजूद प्रशासन की ओर से

उन्हें गैरहाजिर चिह्नित कर दिया गया, जो पूरी तरह गलत है।

शिक्षक संगठनों

ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाए और जिन कर्मचारियों

ने ड्यूटी निभाई है, उनके खिलाफ की जा

रही कार्रवाई तुरंत वापस ली जाए।यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने फैसला वापस

नहीं लिया तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH