home page

फिरोजपुर जिला अदालत को बम से उड़ाने की धमकी, एंटी-सैबोटाज ऑपरेशन शुरू

 | 

- बम डिस्पोजल और डॉग स्क्वॉड ने चलाया सर्च ऑपरेशन

फिरोजपुर, 12 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस समारोह से दो दिन पहले फिरोजपुर जिला अदालत परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने अदालत परिसर को खाली करवाकर व्यापक एंटी-सैबोटाज ऑपरेशन शुरू किया। सुरक्षा के मद्देनजर अदालत परिसर में लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई।

बम डिस्पोजल स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने जिला अदालत परिसर और आसपास के क्षेत्रों की गहन तलाशी ली। पुलिस जवानों ने अलग-अलग स्थानों की जांच कर किसी भी संभावित खतरे की आशंका को दूर करने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया। सावधानी के तौर पर अदालतों की कार्यवाही दोपहर 1 बजे तक स्थगित रखी गई।

कैंटोनमेंट थाना प्रभारी सुखबीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने अदालत परिसर की पूरी तरह जांच की है, लेकिन अब तक कोई संदिग्ध या आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि अदालत परिसर में सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सभी जरूरी सावधानियां बरती जा रही हैं।

फिरोजपुर जिला अदालत को इस साल कथित तौर पर तीसरी बार बम की धमकी मिली है। लगातार मिल रही धमकियों के चलते सुरक्षा एजेंसियों ने अदालत परिसर के आसपास निगरानी बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने धमकी के स्रोत या जांच से जुड़ी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

धमकी की गंभीरता इसलिए भी बढ़ गई है, क्योंकि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान जिला अदालत परिसर के पीछे स्थित स्थान पर तिरंगा फहराने वाले हैं। समारोह से ठीक दो दिन पहले धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने आसपास के क्षेत्र में निगरानी और सुरक्षा जांच बढ़ा दी है।

-------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH