अमृतसर डीसीपी कार्यालय की असलहा शाखा में आकस्मिक फायरिंग, एएसआई घायल
अमृतसर, 08 जून (हि.स.)। अमृतसर में पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) कार्यालय की असलहा शाखा में सोमवार को आकस्मिक फायरिंग में एक पुलिस अधिकारी घायल हो गया। यह घटना उस समय हुई, जब एक लाइसेंसी हथियार की जांच के दौरान अचानक .30 बोर की पिस्तौल से गोली चल गई।
पुलिस के अनुसार आज सुबह करीब 11 बजे एक व्यक्ति अपने लाइसेंसी हथियार की जांच करवाने के लिए असलहा शाखा पहुंचा था। जांच प्रक्रिया के दौरान ड्यूटी पर तैनात सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) नारायण दास पिस्तौल की जांच कर रहे थे। इसी दौरान अचानक हथियार से गोली चल गई और एएसआई नारायण दास को जा लगी, जिससे वह घायल हो गए।
घटना के बाद कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायल एएसआई को तुरंत उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि असलहा शाखा में इस तरह की घटना पहली बार नहीं हुई है। इससे पहले भी हथियारों की जांच के दौरान आकस्मिक फायरिंग की घटना सामने आ चुकी है। ऐसे में हथियारों की जांच के दौरान अपनाई जाने वाली सुरक्षा व्यवस्थाओं और मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गोली पूरी तरह दुर्घटनावश चली या जांच प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही हुई।
फिलहाल अधिकारियों ने मामले पर कोई विस्तृत बयान जारी नहीं किया है। जांच में हथियार की हैंडलिंग, सुरक्षा नियमों के पालन तथा फायरिंग के वास्तविक कारणों की पड़ताल की जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

