कट्टरपंथी सांसद अमृतपाल सिंह के ढाई हजार समर्थकों के खिलाफ चंडीगढ़ में मामला दर्ज
- सीएम आवास पर कूच के दौरान बेरीकेड तोड़कर चंडीगढ़ में किया था प्रवेश
चंडीगढ़, 30 जुलाई (हि.स.)। चंडीगढ़ पुलिस ने पंजाब के खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह के करीब दो हजार समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। अमृतपाल सिंह इस समय असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद है।
खालिस्तान समर्थक सांसद अमृतपाल सिंह और बंदी सिखों की रिहाई की मांग पर अकाली दल (वारिस पंजाब दे) के समर्थकों ने बुधवार को पंजाब के मोहाली में रोष मार्च निकाला था। अमृतपाल समर्थकों ने चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री भगवंत मान के आवास को घेरने का ऐलान किया था।प्रदर्शनकारी बेरीकेड तोड़ते हुए चंडीगढ़ के सेक्टर 2 स्थित सरकारी कोठी के नजदीक तक पहुंच गए। उन्होंने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ी। यहां तक कि वाटर कैनन पर भी कब्जा कर लिया। इस दौरान पुलिस कर्मियों को भी पीटा गया।
इस बारे में चंडीगढ़ की एसएसपी कंवरदीप कौर ने कहा कि पुलिस माहौल खराब नहीं होने देना चाहती थी। एसएसपी ने बताया कि विधायक मनप्रीत सिंह अयाली समेत 15 नामजद के अलावा 2500 से 3000 प्रदर्शनकारियों पर एफआईआर दर्ज की गई। शिकायत सेक्टर-49 थाना के उप-निरीक्षक भूपिंदर सिंह ने दर्ज कराई है। पुलिस इस मामले में नियमानुसार कार्रवाई कर रही है। पूरे घटनाक्रम की वीडियो भी मौजूद है। पुलिस का आरोप है कि पार्टी के कुछ नेताओं के निर्देश पर समर्थकों ने बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास किया। तलवारों और अन्य पारंपरिक हथियारों के साथ मौजूद कुछ प्रदर्शनकारियों ने कथित रूप से पुलिस बैरिकेड की ओर धावा बोल दिया।
एफआईआर में दावा किया गया है कि कुछ प्रदर्शनकारी पानी की बौछार करने वाले वाहन के ऊपर चढ़ गए और उसकी नोजल को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने वाहन चालक के साथ भी कथित रूप से मारपीट की। चंडीगढ़ पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 121(1), 132 और 223 के तहत मामला दर्ज किया है। इन धाराओं में सरकारी कर्मचारी को ड्यूटी से रोकने के लिए चोट पहुंचाने, सरकारी कर्मचारी पर हमला करने और सरकारी आदेश की अवहेलना करने से संबंधित प्रावधान शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

