शहीद एएसआई इकबाल सिंह के परिवार को एक करोड़ रुपये की सहायता : डीजीपी पंजाब
- पूरे पुलिस सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार, हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस
चंडीगढ़, 13 अक्टूबर (हि.स.)। पंजाब पुलिस के काउंटर इंटेलिजेंस विंग में तैनात एएसआई इकबाल सिंह की हत्या के बाद मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने उनके परिवार के लिए एक करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। इसके अलावा एचडीएफसी बैंक की ओर से परिवार को एक करोड़ रुपये का बीमा भुगतान भी किया जाएगा।
पंजाब के डीजीपी ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि एएसआई इकबाल सिंह ने ड्यूटी के दौरान अपना जीवन बलिदान किया और पंजाब पुलिस दुख की इस घड़ी में उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने बताया कि दिवंगत पुलिसकर्मी को पूरे पुलिस सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।
करीब 54-55 वर्षीय इकबाल सिंह तरनतारन जिले के नौशहरा पन्नूआ गांव के रहने वाले थे और फिरोजपुर में काउंटर इंटेलिजेंस विंग में सेवाएं दे रहे थे। 11 अक्टूबर की शाम वह मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे, तभी नौशहरा पन्नूआ-लोहका रोड पर मोटरसाइकिल सवार अज्ञात हमलावरों ने उन पर गोलियां चला दीं। हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
------------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

