पंजाब में बकरीद का पर्व धूमधाम से मनाया
चंडीगढ़, 28 मई (हि.स.)। पंजाब के विभिन्न शहरों में गुरुवार को ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व मनाया गया। मलेरकोटला, संगरूर, मोहाली, जालंधर, लुधियाना आदि शहरों में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों ने भाग लिया।
लुधियाना की मुख्य जामा मस्जिद में शाही इमाम मौलाना मोहम्मद उस्मान रहमानी ने कहा कि यह पर्व आपसी स्नेह और भाईचारे का संदेश लेकर आता है। उन्होंने कहा कि ईद यह भी प्रेरणा देती है कि जब कभी देश को हमारे प्राणों की या धन दौलत की जरूरत हो तो उसे पेश किया जाए। लुधियाना में आयोजित कार्यक्रम में नाइजीरिया के छात्र भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि जामा मस्जिद के पास मंदिर और गुरुद्वारा देखकर उन्हें बेहद खुशी होती है।
चंडीगढ़ के सेक्टर 29 स्थित मस्जिद में नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की बधाई दी। साथ ही मुस्लिम समाज के कुछ प्रतिनिधियों व स्थानीय लोगों ने सरकार से गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग की। उनका कहना था कि गाय भारतीय संस्कृति और आस्था का महत्वपूर्ण प्रतीक है, इसलिए इसके संरक्षण के लिए प्रभावी नीति बनाई जानी चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

