फिरोजपुर के दुकानदार हत्याकांड में दो शूटर जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार, एक पिस्तौल बरामद
चंडीगढ़, 07 जून (हि.स.)। पंजाब की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने फिरोजपुर पुलिस और जम्मू-कश्मीर पुलिस के समन्वय में फिरोजपुर के दुकानदार हत्याकांड में राजस्थान के दो शूटरों को जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार किया है।
पुलिस डायरैक्टर जनरल (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने रविवार को बताया कि रूपबास, भरतपुर (राजस्थान) निवासी विष्णु कुमार और अनंतपुरा, कोटा (राजस्थान) निवासी राहुल महावर को पकड़ा गया है। पुलिस टीमों ने उनके कब्जे से एक .30 बोर की बेरेटा पिस्तौल और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि एक जून को मखू (फिरोजपुर) में स्थित गाबा जनरल स्टोर के मालिक गुरचरण सिंह गाबा की मोटरसाइकिल पर सवार दो हमलावरों ने तीन गोलियां मारकर हत्या कर दी थी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किया गया विष्णु कुमार का जबरन वसूली, डकैती, चोरी और आर्म्स एक्ट के उल्लंघन से संबंधित आपराधिक रिकॉर्ड है। उस पर राजस्थान पुलिस ने 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया है।
एजीटीएफ के अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (एडीजीपी) प्रमोद बान ने कहा कि वारदात के बाद डीएसपी राजन परमिंदर सिंह की निगरानी में ‘‘हिल ट्रैप’’ नाम का विशेष अभियान चलाकर राजस्थान में बड़े स्तर पर छापेमारी की गई।
इस दौरान मिली पुख्ता जानकारी मिली कि मुलजिमों के जम्मू-कश्मीर में छिपने के ठिकाने हैं।
एडीजीपी ने बताया कि मुलजिमों को जम्मू-कश्मीर में पुलिस स्टेशन कूद्द के पास पतनीटॉप-कुड़ रोड पर लगाए गए नाके पर रोका गया। पुलिस टीम को देखते ही मुलजिमों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने बड़ी मुस्तैदी से दोनों मुलजिमों को एक पिस्तौल समेत गिरफ्तार कर लिया।
फिरोजपुर के सीनियर सुपरिंटेंडेंट (एसएसपी) भूपिंदर सिंह सिद्धू ने कहा कि पुलिस टीमें अब घटना के पीछे की असली साजिश का पर्दाफाश करने में जुटी हुई हैं। इसके तहत हमले की योजना बनाने वाले, वित्तीय सहायता देने वाले या अन्य सुविधाएं मुहैया कराने वाले व्यक्तियों की तलाश की जा रही है।
------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

