फिरोजपुर जिला अदालत परिसर को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस ने खाली कराया परिसर
फिरोजपुर, 12 सितंबर (हि.स.)। फिरोजपुर के जिला अदालत परिसर में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अदालत के आधिकारिक ई-मेल पर बम धमकी का संदेश मिला। एहतियात के तौर पर पुलिस ने पूरे परिसर को खाली करवा दिया और आम लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी। सुरक्षा एजेंसियों ने कई घंटे तक परिसर में तलाशी अभियान चलाया।
यह धमकी उस दिन मिली, जब जिला अदालत परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन होना था। कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, लेकिन धमकी के बाद पुलिस ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए परिसर खाली करवाया। सुरक्षा जांच के चलते अदालत की कार्यवाही भी सुबह 11.30 बजे तक स्थगित रही। एसपी दलवीर सिंह, डीएसपी (डी) बरजिंदर सिंह, डीएसपी (ग्रामीण) करण शर्मा समेत अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते की मदद से अदालत परिसर के कमरों, कार्यालयों, गलियारों और अन्य हिस्सों की गहन तलाशी ली, लेकिन तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
एसपी दलवीर सिंह ने बताया कि पूरे परिसर की अच्छी तरह जांच की गई है और अब तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। उन्होंने कहा कि धमकी को गंभीरता से लिया जा रहा है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। तकनीकी टीमें धमकी भरा ईमेल भेजने वाले व्यक्ति का पता लगाने में जुटी हैं।
फिरोजपुर जिला अदालत परिसर को करीब नौ महीनों में यह पांचवीं बार धमकी मिली है। इससे पहले 8 जनवरी, 6 अप्रैल, 12 अगस्त और 26 अगस्त को भी धमकी भरे ई-मेल प्राप्त हुए थे। बार-बार मिल रही ऐसी धमकियों से वकीलों, न्यायिक अधिकारियों और अदालत आने वाले लोगों में चिंता बढ़ गई है और न्यायिक कामकाज भी प्रभावित हो रहा है।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

