फिरोजपुर में आम आदमी पार्टी नेता की गोलियां मारकर हत्या
फिरोजपुर, 30 अगस्त (हि.स.)। फिरोजपुर के ममदोट इलाके में आम आदमी पार्टी (आप) के एक नेता गुरप्रीत सिंह की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उसका एक साथी हरप्रीत सिंह घायल हो गया। बाइक पर सवार होकर आए नकाबपोश हमलावरों ने कार में बैठे तीन लोगों और दो मोटरसाइकिल सवारों पर गोलियां चला दीं।
घटना की सूचना मिलने के बाद फिरोजपुर के एसएसपी भूपिंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में मामले के पीछे चुनावी रंजिश होने का शक सामने आया है। एसएसपी के मुताबिक पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने कथित हमलावरों की पहचान कर ली है, हालांकि फिलहाल इस संबंध में अधिक जानकारी साझा नहीं की गई है। हमलावरों को पकड़ने के लिए पुलिस की ओर से कार्रवाई जारी है।
सिविल अस्पताल के डॉक्टर के अनुसार शनिवार देर रात दो घायल व्यक्तियों को अस्पताल लाया गया था। पुलिस वारदात के कारणों और गोलीबारी में शामिल लोगों के संबंध में आगे की जांच कर रही है।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

