फिरोजपुर में 30 किलोग्राम अधिक हेरोइन बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार
फिरोज़पुर, 11 अगस्त (हि.स.)। एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने सीमा पार से चल रहे नशा तस्करी मॉड्यूल से संबंधित तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार करके 30.672 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है।
डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने मंगलवार को बताया कि अनमोलप्रीत सिंह उर्फ अनमोल (24) निवासी कसूरी गेट, फिरोज़पुर; आकाश सिंह उर्फ आकाश (22) निवासी गांव गुलाम पत्तड़ा, फिरोज़पुर और वर्तमान पता संत कबीर नगर, फिरोज़पुर और अंशप्रीत सिंह उर्फ अंश (25), निवासी राजघाट, फिरोज़पुर को गिरफ्तार किया गया है। इनसे तस्करी की गतिविधियों के लिए इस्तेमाल की जा रही एक हुंडई वर्ना कार (पीबी-77-5973) भी बरामद की गई है।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि यह खेप अंतरराष्ट्रीय सीमा पार से भेजी गई थी। उन्होंने बताया कि सीमा पार के हैंडलरों से जुड़े सभी व्यक्तियों की पहचान करने और इस नेटवर्क के आगे-पीछे के संबंध स्थापित करने के लिए आगे की जांच जारी है।
एडिशनल डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (एडीजीपी) एएनटीएफ नीलभ किशोर ने बताया कि इस खेप को आगे ले जाने संबंधी खुफिया जानकारी मिलने पर एसपी एएनटीएफ फिरोज़पुर रेंज गुरिंदरबीर सिंह के नेतृत्व में एएनटीएफ टीमों ने फिरोज़पुर-फाजिल्का रोड पर एक विशेष ऑपरेशन चलाया। इस दौरान तीन संदिग्ध व्यक्तियों को रोका गया, जो अपनी हुंडई वर्ना कार में जा रहे थे। उन्होंने बताया कि उनकी गाड़ी की तलाशी के दौरान 30.672 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई।
एडीजीपी ने बताया कि आगे की जांच के दौरान आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां और बरामदगी होने की संभावना है। इस संबंध में एसएएस नगर के पुलिस स्टेशन एएनटीएफ में एफआईआर दर्ज की गई है। पंजाब पुलिस ने कुछ दिनों पहले सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के साथ संयुक्त ऑपरेशन के दौरान 30.200 किलोग्राम हेरोइन समेत दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया था।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

