फरीदकोट में 4.29 किलो हेरोइन बरामद, चार युवक गिरफ्तार
- पुलिस ने पीछा कर वाहन रोका, एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज
फरीदकोट, 06 सितंबर (हि.स.)। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फरीदकोट पुलिस के सीआईए स्टाफ ने 4 किलो 29 ग्राम हेरोइन बरामद करके ब्रेजा कार में सवार चार युवकों को गिरफ्तार किया है।
सीआईए स्टाफ प्रभारी हाकम सिंह की अगुवाई में पुलिस टीम इलाके में गश्त और संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान देर शाम पुलिस टीम कोटकपूरा-मुक्तसर रोड पर गांव खारा के पास पहुंची। यहां एक बंद पड़े पेट्रोल पंप की जर्जर इमारत के समीप एक ब्रेजा कार खड़ी दिखाई दी। कार के आसपास चार युवक मौजूद थे। पुलिस टीम को नजदीक आते देखकर युवकों ने वहां से निकलने की कोशिश की और तेजी से कार में बैठकर उसे स्टार्ट कर दिया।
पुलिस ने उनकी गतिविधियों को संदिग्ध मानते हुए तत्काल वाहन को रोक लिया। इसके बाद कार की तलाशी ली गई। इस दौरान पुलिस को 4 किलो 29 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही मुक्तसर जिले के गांव हरीके कलां निवासी संदीप सिंह उर्फ सीपा, फरीदकोट के गांव खारा निवासी मनवीर सिंह उर्फ हनी, कोटकपूरा के अमन नगर निवासी प्रवेश और नानक नगरी निवासी वासु बिरला को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने सभी के खिलाफ थाना सदर कोटकपूरा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उनसे पूछताछ कर नशे की खेप से संबंधित अन्य जानकारियां जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। जांच के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बरामद हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी। -----------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

