home page

फरीदकोट पुलिस ने 10 अवैध पिस्तौल और 20 जिंदा कारतूस बरामद किये, दो गिरफ्तार

 | 

फरीदकोट, 17 सितंबर (हि.स.)। फरीदकोट पुलिस ने जेल से संचालित अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से 10 अवैध पिस्तौल और 20 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सूचना मिली थी कि सेंट्रल मॉडर्न जेल के पास तलवंडी भाई रोड पर दो संदिग्ध भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद लेकर घूम रहे हैं। इसके बाद सीआईए स्टाफ फरीदकोट की टीम ने कोटकपूरा रोड स्थित नहर पुल के पास नाकाबंदी कर 21 वर्षीय राजबीर सिंह उर्फ अमित और 25 वर्षीय अमर सिंह उर्फ अमर को पकड़ा। दोनों अमृतसर जिले के छेहरटा क्षेत्र की बाबा दीप सिंह कॉलोनी, सन्न साहिब रोड के रहने वाले बताए गए हैं।

पुलिस ने इनके पास से तीन .30 बोर जिगाना पिस्तौल, एक .30 बोर पीएक्स-5 स्टॉर्म पिस्तौल, दो देसी .32 बोर पिस्तौल और चार देसी .30 बोर पिस्तौल बरामद करने का दावा किया है। इसके अलावा 20 जिंदा कारतूस भी मिले हैं। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने दावा किया कि यह नेटवर्क अमृतसर के अटारी इलाके के रौनवाली निवासी दीप सिंह उर्फ दीपक के निर्देश पर चल रहा था, जो फिलहाल जेल में बंद है। पुलिस के अनुसार यह गिरोह पाकिस्तान स्थित तस्करों के संपर्क में था और सीमा क्षेत्र में ड्रोन के जरिए गिराए गए हथियारों की खेप हासिल कर उन्हें फरीदकोट और आसपास के जिलों में पहुंचाने की योजना थी।

फरीदकोट सिटी थाने में आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब स्थानीय सहयोगियों, हथियारों की सप्लाई चेन और कथित अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की जांच कर रही है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH