home page

फरीदकोट में नहर से छह वर्षीय बच्ची का शव बरामद, हाथ-पैर तार से बंधे मिले

 | 

तेहना गांव के पास पुल के नीचे मिला शव; हत्या के बाद नहर में फेंके जाने की आशंका, पहचान में जुटी पुलिस

फरीदकोट, 03 अक्टूबर (हि.स.)। फरीदकोट जिले के तेहना गांव के पास शनिवार सुबह नहर से करीब छह वर्षीय बच्ची का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। बच्ची के हाथ और पैर पतले लोहे के तार से बंधे हुए मिले हैं, जिसके आधार पर पुलिस को आशंका है कि उसकी हत्या करने के बाद शव को नहर में फेंका गया।

मामले का खुलासा उस समय हुआ जब फरीदकोट शहर से करीब तीन किलोमीटर दूर तेहना गांव के चौकीदार जगसीर सिंह ने पुल के पास पानी में शव फंसा देखा। उसने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।

जानकारी मिलते ही सब-इंस्पेक्टर सतपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय समाजसेवी संस्था सहारा वेलफेयर के सदस्यों की मदद से बच्ची के शव को पानी से बाहर निकाला गया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार बच्ची के हाथ-पैर तार से कसकर बांधे गए थे। जांच अधिकारी के मुताबिक परिस्थितियां इस ओर इशारा करती हैं कि बच्ची की हत्या कहीं और या घटनास्थल के आसपास की गई और बाद में सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को पानी में फेंका गया हो सकता है।

सब-इंस्पेक्टर सतपाल सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के सही कारण और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों का पता चल सकेगा।

बच्ची की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस ने आसपास के गांवों और क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर लापता बच्चों से संबंधित रिकॉर्ड खंगालना शुरू कर दिया है।

---

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH