home page

लुधियाना में प्रॉपर्टी डीलर से मांगी एक करोड़ की रंगदारी

 | 

-विदेशी नंबर से आया फोन, जमालपुर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ दर्ज किया मामला

लुधियाना, 14 नवंबर (हि.स.)। लुधियाना में प्रॉपर्टी डीलरों को रंगदारी के लिए धमकियां मिलने का सिलसिला जारी है। अब एक प्रॉपर्टी डीलर से गैंगस्टर डोनी बल के नाम पर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। फोन करने वाले व्यक्ति ने रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी है। पीड़ित की शिकायत पर थाना जमालपुर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता हेमराज उर्फ राजी ने बताया कि हाल ही में उन्हें एक विदेशी नंबर से फोन आया था। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को गैंगस्टर डोनी बल बताते हुए एक करोड़ रुपये की मांग की। आरोपी ने धमकी दी कि यदि रकम नहीं दी गई तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे।

धमकी मिलने के बाद पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस अब उस विदेशी नंबर से संबंधित जानकारी जुटा रही है, जिससे फोन किया गया था।

पुलिस के अनुसार, गैंगस्टर डोनी बल का असली नाम बलविंदर सिंह है। वह अमृतसर के गांव पट्टी बलेल का रहने वाला है। उसका संबंध गोपी घनश्यामपुरिया गिरोह के मन्न घनश्यामपुरिया-डोनी बल गुट से बताया जाता है। उसका नाम देविंदर बंबीहा गिरोह से भी जुड़ चुका है।

डोनी बल पर विदेश में रहकर अपने नेटवर्क के माध्यम से पंजाब में रंगदारी का गिरोह चलाने के आरोप हैं। रिपोर्टों के अनुसार, उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, हथियारों की तस्करी, लूट और डकैती जैसे गंभीर अपराधों में 32 से अधिक प्राथमिकी दर्ज हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले भी लुधियाना में एक प्रॉपर्टी डीलर से रंगदारी मांगने का मामला सामने आया था। वीरवार को पुलिस ने एक अन्य प्रॉपर्टी डीलर की शिकायत पर मामला दर्ज किया था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसे विदेशी नंबर से फोन कर तीन करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।

--

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH