home page

केंद्रीय चुनाव आयोग की टीम दो दिवसीय दौरे पर पहुंची पंजाब, लेगी तैयारियों का जायजा

 | 

चंडीगढ़, 27 अक्टूबर (हि.स.)। पंजाब में विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मंगलवार को केंद्रीय चुनाव आयोग की टीम दो दिवसीय दौरे पर पंजाब पहुंची। आयोग की यह 10 सदस्यीय टीम आगामी विधानसभा चुनाव की प्रशासनिक व सुरक्षा संबंधी तैयारियों का जमीनी स्तर पर जायजा ले रही है।

यह टीम पंजाब के मुख्य निर्वाचन अधिकारी और राज्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के साथ अहम बैठकें करेगी। समीक्षा बैठकों की शुरुआत चंडीगढ़ स्थित मुख्यालय से की गई, जिसके बाद चुनाव आयोग के अफसर विभिन्न जिलों का दौरा कर कानून-व्यवस्था, मतदाता सूची के पुनरीक्षण और पोलिंग बूथों पर मिलने वाली व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण करेंगे। चुनाव की घोषणा से पहले आयोग की इस टीम का दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

विधानसभा चुनाव से पहले इलेक्शन कमीशन ने अधिकारियों के ट्रांसफर को लेकर निर्देश जारी किया है। चुनाव से सीधे जुड़े अधिकारियों को उनके गृह जिले में तैनात नहीं रखा जाएगा। पिछले 4 साल में किसी जिले में 3 साल पूरे कर चुके या निर्धारित कट-ऑफ तारीख तक 3 साल पूरे करने वाले अधिकारियों को जिले से हटाना होगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी,रिटर्निंग ऑफिसर, सहायक रिटर्निंग ऑफिसर, पुलिस निरीक्षक और एसआई या उससे ऊपर के अधिकारियों को उस विधानसभा क्षेत्र या जिले में वापस तैनात नहीं किया जाएगा, जहां वे पिछले विधानसभा चुनाव या उसके बाद हुए उपचुनाव में तैनात थे। जिला प्रशासन के अधिकारियों के अलावा संबंधित पुलिस, आबकारी और परिवहन विभाग के अधिकारियों पर भी निर्देश लागू होंगे। जिन अधिकारियों के आधिकारिक कार्यों से संबंधित आपराधिक मामले न्यायालय में लंबित हैं, उन्हें चुनाव संबंधी कार्य नहीं सौंपा जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा