home page

ईडी ने राज्यसभा सांसद सतनाम संधू को भेजा समन

 | 

-25 नवंबर को जालंधर कार्यालय में पूछताछ के लिए बुलाया

चंडीगढ़, 20 नवंबर (हि.स.)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पंजाब से राज्यसभा के नामित सांसद एवं चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के चांसलर सतनाम संधू को पूछताछ के लिए समन भेजा है। उन्हें 25 नवंबर को जालंधर स्थित ईडी कार्यालय में पेश होने के लिए कहा गया है। संधू को राष्ट्रपति ने राज्यसभा के लिए नामित किया था। वह फिरोजपुर के रहने वाले हैं और मोहाली स्थित चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के मालिक हैं।

संधू का नाम कथित तौर पर पोंजी स्कीम चलाने वाली एक कंपनी से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि उन्हें इस समूह की कंपनियों से कुछ धनराशि मिली थी। ये कंपनियां पोंजी स्कीम के मामले में जांच एजेंसी के रडार पर हैं। ईडी ने इस लेन-देन की प्रकृति और उद्देश्य की पुष्टि करने के लिए उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया है। हालांकि, एजेंसी ने उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग के किसी मामले में सीधे तौर पर संलिप्त होने के आरोप में समन नहीं किया है।

जांच एजेंसी का आरोप है कि निवेशकों से जुटाई गई शेष रकम का इस्तेमाल कथित तौर पर कमीशन देने, लग्जरी गाड़ियां, सोना-हीरे और संपत्तियां खरीदने में किया गया।

ईडी के मुताबिक, जांच के दौरान कंपनी के वास्तविक क्लाउड स्टोरेज कारोबार और निवेशकों से किए गए दावों के बीच अंतर सामने आया है। एजेंसी का आरोप है कि कंपनी के पास निवेशकों से किए गए वादों को पूरा करने के लिए पर्याप्त वास्तविक कारोबारी गतिविधियां नहीं थीं। डेटा सेंटर से होने वाली कमाई भी निवेशकों को दिए जा रहे रिटर्न के मुकाबले पर्याप्त नहीं थी।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा