home page

ईडी के छापे से घबराए कारोबारी ने नोटों से भरा बैग नौंवी मंजिल से फेंका

 | 
ईडी के छापे से घबराए कारोबारी ने नोटों से भरा बैग नौंवी मंजिल से फेंका


चंडीगढ़, 07 मई (हि.स.)। पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ से सटे मोहाली में गुरुवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी फैल गई, जब यहां की एक सोसायटी में ईडी की टीम छापा मारने पहुंची। उसी समय एक कारोबारी ने नौवीं मंजिल से नोटों से भरा बैग फेंक दिया। नीचे खड़ा एक व्यक्ति नोटों से भरा बैग लेकर भागने लगा, तो पुलिस व ईडी की टीम ने उसे दबोच लिया।

सूत्रों के अनुसार ईडी ने सनटेक सिटी प्रोजेक्ट में कथित धोखाधड़ी के सिलसिले में मोहाली और चंडीगढ़ में 12 जगहों पर दबिश दी है। मोहाली के खरड़ में वेस्टर्न टावर्स सोसाइटी में आज सुबह ईडी की टीम ने आईटी सेक्टर में काम करने वाले एक व्यक्ति के घर पर दबिश दी। ईडी के पहुंचने की जानकारी मिलने पर एक कारोबारी ने नौवीं मंजिल स्थित फ्लैट से नोटों से भरा बैग नीचे फेंका दिया, जो नीचे गिरते ही फट गया और उससे नोट निकलकर बाहर फैल गए। नीचे पहले से ही उसका ड्राइवर खड़ा था, जो तुरंत एक सफेद रंग की कार में सवार होकर बैग लेकर भागने लगा। हालांकि, मौके पर मौजूद टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और उसे पकड़ लिया। बैग से लगभग 21 लाख रुपये कैश बरामद किए गए। टीम को बैग से 500-500 के नोटों की गड्डियां मिली हैं।

हालांकि, अभी तक अधिकारी कुछ भी बोलने से बच रहे हैं, लेकिन जिस टावर पर रेड चल रही है, वहां अब पुलिस ने लोगों की एंट्री रोक दी है। केंद्रीय एजेंसी के जवान मौके पर तैनात हैं। सीढिय़ों से लेकर टॉप तक फोर्स तैनात की गई है। इस घटना को देखकर सोसाइटी में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। इससे इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही खरड़ के डीएसपी ईशांत सिंगला ने स्थानीय पुलिस को मौके पर भेजा। खरड़ सिटी थाने के एसएचओ अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह कार्रवाई सोसाइटी के फ्लैट नंबर 906 में रेड हुई है। यहां रहने वाले व्यक्ति की पहचान नितिन कुमार गोहिल के रूप में हुई है, जो आईटी सेक्टर में कार्यरत बताया जा रहा है। नितिन कुमार करीब 4 महीने पहले ही यहां रहने आया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा