ईडी के छापों से गरमाई पंजाब की राजनीति, आप कार्यकर्ताओं ने घेरा गमाडा दफ्तर
चंडीगढ़, 24 सितंबर (हि.स.)। पंजाब में ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) के
पंजाब व चंडीगढ़ दफ्तरों में दो दिन से चल
रही ईडी की रेड के बाद राजनीति उफान पर है। ईडी ने बुधवार की रात पंजाब के कैबिनेट
मंत्री के भांजे के घर पर भी छापा मारा। गुरुवार की सुबह पूर्व केंद्रीय मंत्री
रवनीत बिट्टू ने पंजाब के एक मंत्री के विदेश भागने का दावा किया। इस बीच आज आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं
ने मोहाली स्थित गमाडा कार्यालय के बाहर धरना दिया। पंजाब सरकार बुधवार को आधी रात
को हाईकोर्ट भी पहुंची।
पंजाब में ईडी ने पिछले दो दिनों में गमाडा समेत कई जगहों पर छापे मारे हैं। सत्तारूढ़
आम आदमी पार्टी इसका विरोध कर रही है। ईडी ने मंगलवार सुबह मोहाली
स्थित गमाडा दफ्तर में कार्रवाई शुरू की थी। ईडी ने
इस संबंध में आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की है, लेकिन बताया जाता है कि एक आईएएस
अधिकारी के आवास पर सर्च के दौरान भारी मात्रा में नकदी मिली है। इसके सेक्टर 39
में भी छापा मारा गया है, जहां दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन रहते थे। इसी जांच के दौरान बुधवार को पंजाब के शहरी आवास एवं विकास मंत्री हरदीप
सिंह मुंडियां के रिश्तेदार गुरप्रीत सिंह सैनी उर्फ प्रिंस के लुधियाना के
साहनेवाल स्थित घर पर भी ईडली ने तलाशी ली।
रिपोर्टों के
अनुसार वहां कार्रवाई दोपहर करीब ढाई बजे शुरू हुई और देर
तक जारी रही। इस कार्रवाई के चलते बुधवार देर रात पंजाब सरकार हाई कोर्ट में
पहुंची। याचिका पर हाई कोर्ट ने ईडी की
छापेमारी की निगरानी के लिए वारंट ऑफिसर नियुक्त किया। वारंट
ऑफिसर को मौके पर जाकर छापेमारी की स्थिति देखने और इसकी रिपोर्ट अदालत में पेश
करने के निर्देश दिए गए हैं।
ईडी की रेड
के बीच पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री व पंजाब के भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू ने
अपनी एक सोशल मीडिया पोस्ट से खलबली मचा दी है। उन्होंने अपनी पोस्ट में दावा किया
है कि पंजाब का एक मंत्री देश छोड़कर भाग गया है। गुरुवार को आम आदमी पार्टी
ने मोहाली में गमाडा दफ्तर के बाहर प्रदर्शन किया।
आप कार्यकर्ता जबरन गमाडा के दफ्तर में घुस गए, जहां
सुरक्षाकर्मियों से उनकी धक्कामुक्की हुई। आप कार्यकर्ताओं ने गमाडा दफ्तर पर बाहर से ताला लगा दिया कि कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।
पंजाब में ईडी की
कार्रवाई पर दिल्ली के पूर्व मंत्री मनीष सिसोदिया ने भी तंज कसा। उन्होंने सोशल
मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर लिखा- ये ईडी वाले आजकल मोदी की
डकैत सेना बनकर लोगों को डराते घूम रहे हैं। ताले तोड़कर लोगों के घरों में घुस
रहे हैं, लेकिन इन डकैतों को कुछ मिल ही नहीं रहा। हर जगह से
खाली हाथ वापस आना पड़ रहा है। पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने कहा कि
ईडी के माध्यम से पंजाब सरकार पर दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे किसी
भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अभी तक मारे गए छापों के दौरान ईडी को कहीं
से कुछ नहीं मिला है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

