दिवाली के बाद पंजाब में प्रदूषण बढ़ा, मंडी गोबिंदगढ़ में एक्यूआई 445 तक पहुंचा
- पटाखों के धुएं के साथ पराली जलाने, वाहनों के धुएं और निर्माण कार्यों की धूल ने बढ़ाई मुश्किलें
चंडीगढ़, 09 नवंबर (हि.स.)। पंजाब में दिवाली के बाद वायु प्रदूषण की स्थिति चिंताजनक हो गई है। पटाखों से निकलने वाला धुआं, पराली जलाने की घटनाएं, वाहनों से निकलने वाला धुआं, निर्माण कार्यों की धूल और कचरा जलाने से उठने वाला धुआं मिलकर प्रदेश की हवा को जहरीला बना रहे हैं। दिवाली के बाद राज्य के कई शहरों में वायु गुणवत्ता में तेज गिरावट दर्ज की गई है।
दिवाली की रात स्थिति और भी गंभीर हो गई, जब सरकार की ओर से पटाखे चलाने के लिए निर्धारित समय सीमा के बावजूद कई शहरी इलाकों में आधी रात तक आतिशबाजी होती रही। नियमों पर अमल करवाने वाली एजेंसियों की प्रभावी मौजूदगी भी कई स्थानों पर नजर नहीं आई। इसके चलते रिहायशी इलाकों और सड़कों पर धुएं की परत छाई रही। लोगों ने पटाखों के जलने से उठने वाली तेज और तीखी गंध की शिकायत भी की।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड आधारित वायु गुणवत्ता रिपोर्ट के अनुसार औद्योगिक शहर मंडी गोबिंदगढ़ में रविवार को एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 445 तक पहुंच गया। इसके साथ ही शहर की हवा 'गंभीर' श्रेणी में दर्ज की गई। इससे पहले 6 नवंबर को भी मंडी गोबिंदगढ़ में एक्यूआई 319 दर्ज किया गया था और उस समय यह पंजाब का सबसे प्रदूषित स्थान रहा था।
दिवाली से पहले भी पंजाब के प्रमुख शहरों में प्रदूषण का स्तर काफी अधिक बना हुआ था। 7 नवंबर को लुधियाना में एक्यूआई 281, जालंधर में 260, खन्ना में 249 और पटियाला में 184 दर्ज किया गया। लुधियाना, जालंधर और खन्ना की हवा 'खराब' श्रेणी में रही, जबकि पटियाला में वायु गुणवत्ता 'मध्यम' श्रेणी में दर्ज की गई। वहीं, अमृतसर में हवा लगातार 'बहुत खराब' श्रेणी में बनी हुई थी।
विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में भी प्रदूषण चिंता का विषय बना रह सकता है, क्योंकि पटाखों से निकलने वाला धुआं पहले से ही पराली जलाने के कारण बढ़े प्रदूषण में इजाफा कर रहा है। पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में भी लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। 7 नवंबर तक राज्य में इस सीजन में पराली जलाने के कुल मामले 3,300 के पार पहुंच चुके थे।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि प्रदूषित हवा में लंबे समय तक रहने से सांस लेने में परेशानी हो सकती है। विशेष रूप से अस्थमा, फेफड़ों और हृदय संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों की समस्याएं बढ़ सकती हैं। इसके अलावा आंखों, नाक और त्वचा में एलर्जी की शिकायतें भी हो सकती हैं। बच्चों, बुजुर्गों और पहले से सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों को प्रदूषित हवा से सबसे अधिक खतरा रहता है।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

