दिल्ली-हलवारा की एयर इंडिया उड़ान रद्द, यात्रियों को हुई परेशानी
- परिचालन कारणों से सोमवार सुबह नहीं चली फ्लाइट, 10 सितंबर से शाम की उड़ान के समय में भी बदलाव
चंडीगढ़, 07 सितंबर (हि.स.)। एयर इंडिया की दिल्ली से लुधियाना के हलवारा हवाई अड्डा पर आने वाली सोमवार सुबह की उड़ान परिचालन संबंधी कारणों से रद्द कर दी गई। एयरलाइन ने रद्दीकरण की सटीक वजह स्पष्ट नहीं की। विमान के हलवारा नहीं पहुंचने के कारण वापसी की हलवारा-दिल्ली उड़ान भी प्रभावित हुई, जिससे दोनों शहरों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
एक नियमित यात्री ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 3:30 बजे एयर इंडिया का उड़ान रद्द होने संबंधी संदेश मिला। उन्होंने हलवारा से सुबह करीब 7 बजे दिल्ली के लिए रवाना होना था। दिल्ली में जरूरी बैठक होने के कारण उन्हें अपनी कार से यात्रा करनी पड़ी और वे दोपहर करीब 2 बजे वहां पहुंचे।
हलवारा एयरपोर्ट पर अगस्त में पिछले महीनों की तुलना में यात्रियों की संख्या कम दर्ज की गई। इस दौरान दिल्ली से हलवारा आने वाली उड़ानों में 4,976 यात्रियों ने सफर किया, जबकि हलवारा से दिल्ली जाने वाले यात्रियों की संख्या 5,780 रही।
एयरपोर्ट निदेशक जगीर सिंह के अनुसार जून और जुलाई में छुट्टियों के कारण अधिक परिवारों ने यात्रा की थी। अगस्त में यात्रियों की संख्या में करीब एक हजार की कमी दर्ज की गई। हलवारा एयरपोर्ट प्रशासन ने 10 सितंबर से शाम की उड़ान के समय में बदलाव की घोषणा की है। पहले यह उड़ान दोपहर 2:40 बजे रवाना होती थी, जबकि अब इसका प्रस्थान समय शाम 4:05 बजे होगा। सुबह की उड़ान के समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

