home page

चीनी नागरिकों के खातों में पैसे भेजने वाले गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार, क्रिप्टोकरेंसी बरामद

 | 
चीनी नागरिकों के खातों में पैसे भेजने वाले गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार, क्रिप्टोकरेंसी बरामद


- 23 एटीएम कार्ड, 2 लैपटॉप, 7 मोबाइल फोन, 5 सिम कार्ड, जाली केवाईसी दस्तावेज, 14 चेक बुक जब्त

चंडीगढ़, 20 मार्च (हि.स.)। पंजाब पुलिस के स्टेट साइबर क्राइम डिवीजन ने साइबर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से जुड़े बैंक खातों में लगभग 20 लाख रुपये जब्त किए हैं। इसके अलावा 23 एटीएम कार्ड, दो लैपटॉप, सात मोबाइल फोन, पांच सिम कार्ड और 5100 यूएसडीटी मूल्य की क्रिप्टोकरेंसी बरामद की गई है।

पंजाब पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शुक्रवार को बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान गुरजीत सिंह, रमन राय और सुखदेव सिंह के रूप में हुई है, जो फाजिल्का के जलालाबाद के निवासी हैं। यह सभी वर्तमान में मोहाली के फेज-5 में किराए के कमरे से ‘ब्रदर ट्रेडर्स’ के नाम से चालू बैंक खातों के माध्यम से साइबर धोखाधड़ी में सक्रिय थे। जांच के दौरान यह पाया गया कि यह गिरोह पिछले दो सालों से ऐसी गैर-कानूनी गतिविधियों में शामिल था। साइबर धोखाधड़ी करने वालों को म्यूल बैंक खाते प्रदान करके अब तक लगभग 50 लाख रुपये का कमीशन कमा चुके हैं। उन्होंने आगे कहा कि बैंक खाते जाली तरीके और फर्जी दस्तावेज से खोले गए थे और जांच से बचने के लिए आरोपितों ने मोहाली में एक किराए के कमरे में फर्जी कारोबार सेट किया हुआ था और समय-समय पर होर्डिंग बदलते रहते थे।

स्पेशल डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (स्पेशल डीजीपी) साइबर क्राइम वी. नीरजा ने कहा कि यह कार्रवाई साइबर अपराध को रोकने के लिए चल रहे ऑपरेशनों के तहत की गई है। उन्होंने कहा कि जांच से पता लगा है कि आरोपित टेलीग्राम के माध्यम से सीधे तौर पर चीनी नागरिकों से जुड़े हुए थे और उन्हें बैंक खाते प्रदान करवाकर यूएसडीटी क्रिप्टोकरेंसी में मुनाफा प्राप्त करते थे। उन्होंने यह भी कहा कि आई4सी के समन्वय पोर्टल पर पुष्टि किए गए अंतर-राज्यीय लिंकेज के माध्यम से ये म्यूल खाते 24 साइबर धोखाधड़ी पीड़ितों से जुड़े हुए थे, जिनमें 26.65 लाख रुपये लीन मार्क कर दिए गए हैं। विशेष डीजीपी ने कहा कि इस गिरोह से जुड़े साइबर धोखाधड़ी के अन्य पीड़ितों का पता लगाने और पूरे नेटवर्क की पड़ताल के लिए बरामद किए गए एटीएम कार्डों की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा