home page

गुरदासपुर में भारत-पाक सीमा के पास हथियार और हेरोइन बरामद

 | 
गुरदासपुर में भारत-पाक सीमा के पास हथियार और हेरोइन बरामद


गुरदासपुर, 10 नवंबर (हि.स.)। पंजाब के गुरदासपुर जिले में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ)और पंजाब पुलिस ने संयुक्त अभियान के दौरान हथियारों तथा नशीले पदार्थों की बड़ी खेप बरामद की है। डेरा बाबा नानक के सीमावर्ती गांव शकरी के खेतों से 3 पिस्तौल, 6 मैगजीन, 50 जिंदा कारतूस और करीब 1.9 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई है।

जानकारी के अनुसार, सीमावर्ती इलाके में संदिग्ध ड्रोन गतिविधियों और खुफिया सूचना मिलने के बाद सीमा सुरक्षा बल की 27वीं बटालियन तथा डेरा बाबा नानक पुलिस ने संयुक्त रूप से तलाशी अभियान शुरू किया था। तलाशी के दौरान सुरक्षाकर्मियों को खेतों में एक संदिग्ध पैकेट मिला। जांच करने पर उसमें हथियार, कारतूस और हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने सभी बरामद वस्तुओं को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

डेरा बाबा नानक थाने के प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हथियार और नशीले पदार्थों की खेप खेतों तक कैसे पहुंची और इसके पीछे किन लोगों का हाथ है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां ड्रोन के जरिए तस्करी की आशंका सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH