home page

जेई को ड्रग केस में फंसाने की साजिश, जलालाबाद के डीएसपी गुरसेवक सिंह पर एफआईआर

 | 

फाजिल्का, 16 जुलाई (हि.स.)। पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) के एक जूनियर इंजीनियर को कथित रूप से झूठे नशा तस्करी मामले में फंसाने की साजिश के आरोप में जलालाबाद के डीएसपी गुरसेवक सिंह को एफआईआर में नामजद किया गया है। डीएसपी फिलहाल पुलिस के संपर्क में नहीं बताए जा रहे हैं।

फाजिल्का के एसएसपी गगन अजीत सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जांच के दौरान सामने आया कि डीएसपी कथित तौर पर उन आरोपितों के साथ मिला हुआ था, जिन्होंने जेई को एनडीपीएस एक्ट के झूठे मामले में फंसाने का प्रयास किया था। एफआईआर के अनुसार मंडी रोरांवाली निवासी अमित कुमार पीएसपीसीएल के अरनीवाला कार्यालय में जूनियर इंजीनियर के पद पर तैनात हैं। अमित कुमार ने शिकायत में बताया कि तीन जून को वह घर से कार्यालय जा रहे थे। रास्ते में पानी लेने के लिए उन्होंने अपनी कार रोकी थी। इसी दौरान तीन पुलिसकर्मी वहां पहुंचे और उनकी कार की तलाशी लेने लगे।

पुलिसकर्मियों ने कार से सफेद पदार्थ वाला एक पैकेट बरामद होने का दावा किया, लेकिन अमित कुमार ने पैकेट के बारे में किसी भी तरह की जानकारी होने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने कथित बरामदगी की पुष्टि के लिए डीएसपी गुरसेवक सिंह और अन्य अधिकारियों को मौके पर बुलाया। जेई को पूछताछ के लिए सीआईए स्टाफ फाजिल्का ले जाया गया। जांच के बाद पुलिस अधिकारियों ने उसे क्लीन चिट दे दी। जांच में यह निष्कर्ष निकला कि उसके पास से किसी प्रकार का नशीला पदार्थ बरामद नहीं हुआ था।

अमित कुमार ने आरोप लगाया कि बाद में उसे पता चला कि उसके गांव मंडी रोरांवाली के रहने वाले सुखजिंदर सिंह उर्फ शम्मी, सागर और राजन कुमार उर्फ नन्नू ने उसे झूठे ड्रग केस में फंसाने के लिए उसकी कार में पैकेट रखा था। पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। जांच आगे बढ़ने पर डीएसपी गुरसेवक सिंह की कथित भूमिका भी सामने आई, जिसके बाद उन्हें भी मामले में आरोपी के रूप में नामजद कर लिया गया।

एसएसपी गगन अजीत सिंह ने कहा कि आरोपितों ने कथित रूप से जेई को झूठे नशा मामले में फंसाकर उससे पैसे वसूलने की कोशिश की थी। उन्होंने चेतावनी दी कि गैरकानूनी और असामाजिक गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह पुलिस अधिकारी ही क्यों न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH