संगठन की मजबूती व फील्ड में सक्रियता पर रहेगा कांग्रेस का फोकस : वेणुगोपाल
- कांग्रेस के संगठन महासचिव ने पंजाब के नेताओं से की बैठक
चंडीगढ़, 26 अक्टूबर (हि.स.)। कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने सोमवार को चंडीगढ़ में पंजाब कांग्रेस के नेताओं के साथ बैठक करके उन्हें फील्ड में सक्रियता बढ़ाने तथा संगठन की मजबूती के लिए एकजुटता से काम करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
बैठक से पहले केसी वेणुगोपाल ने कहा कि यहां चुनाव और संगठन के सिलसिले में आए हैं। वरिष्ठ नेताओं, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों, विधायक दल के नेता, पूर्व अध्यक्षों, सचिवों और कार्यकारी अध्यक्षों के साथ बैठकें कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब एक बदलाव की ओर देख रहा है। यहां कानून-व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ चुकी है। ड्रग माफिया पैर पसार चुका है। हमें इन तमाम सामाजिक बुराइयों को खत्म करने की जरूरत है। कांग्रेस का उद्देश्य पंजाब को फिर से जीतना और इन बुरी ताकतों से पंजाब को बचाना है। पूरा भरोसा है कि हम पंजाब में सरकार बनाने जा रहे हैं।
वेणुगोपाल ने एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली रैली के लिए सभी नेताओं को लामबंद किया। इस रैली में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को जुटाने की तैयारी है। रैली मे पंजाब के नेताओं को कम से कम 50 हजार लोग लाने का टारगेट दिया गया है। इसके अलावा वेणुगोपाल ने पंजाब में होने वाली राहुल गांधी की रैली की तैयारियों के संबंध में भी नेताओं के साथ बैठक की। 4 नवंबर को राहुल गांधी की संगरूर में रैली प्रस्तावित है। इस रैली से वह पंजाब विधानसभा चुनाव का कैंपेन लॉन्च करेंगे।
केसी वेणुगोपाल ने कहा कि पार्टी के सभी नेताओं को विभिन्न स्तरों पर जिम्मेदारी दी गई है। आने वाले दिनों में सभी नेता एकजुटता के साथ चुनावी रण में सक्रिय दिखाई देंगे। कांग्रेस का दावा है कि रैली में लाखों लोग जुटेंगे, जिसमें अकेले हरियाणा से 1 लाख और जम्मू-कश्मीर से करीब 5,000 कार्यकर्ता दिल्ली पहुंच रहे हैं। इसी कड़ी में पंजाब कांग्रेस को करीब 50,000 लोगों को दिल्ली लाने का लक्ष्य दिया गया है। इसी लक्ष्य को पूरा करने और जिलों से कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाने के लिए केसी वेणुगोपाल और पंजाब के वरिष्ठ नेताओं की आज एक के बाद एक कई मैराथन बैठकें हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

